मदनपुर के खिरियावां में वर्षों से नहीं बनी नाली, जलजमाव से परेशान ग्रामीण
मानव घाट के समीप गंदे पानी और कीचड़ में जीने को मजबूर लोग
औरंगाबाद जिले के मदनपुर प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत खिरियावां के वार्ड नं दस में मानव घाट के समीप विकास की हकीकत तस्वीरों में साफ दिख रही है। यहां वर्षों से नाली नहीं बनने के कारण बारिश होते ही पूरे इलाके में जलजमाव हो जाता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार पंचायत और प्रखंड प्रशासन से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला। नाली के अभाव में घरों का गंदा पानी सड़क पर ही जमा हो जाता है। इससे कीचड़, कचरा और गंदगी के कारण बीमारी फैलने का खतरा भी बढ़ गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि बच्चों और बुजुर्गों को रोजाना इसी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी बदतर हो जाती है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मानव घाट के समीप जल्द से जल्द नाली निर्माण कराया जाए ताकि उन्हें इस समस्या से निजात मिल सके।