ढिंढोरा से चामुण्डा चिनायटा मार्ग बदहाल, ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर दी आंदोलन की चेतावनी, समय रहते सड़क निर्माण नहीं हुआ तो उपखंड कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेंगे ग्रामीण
सूरोठ ढिंढोरा से चामुण्डा चिनायटा तक जाने वाला सड़क मार्ग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है। यह मार्ग क्षेत्र के दर्जनों गांवों को आपस में जोड़ता है, लेकिन लंबे समय से बदहाल स्थिति में होने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे और क्षतिग्रस्त हिस्से होने के कारण आए दिन वाहन चालक, राहगीर और दुपहिया वाहन सवार दुर्घटनाओं का शिकार होकर चोटिल हो रहे हैं। इस मार्ग से प्रतिदिन विद्यार्थी, किसान, महिलाएं, बुजुर्ग एवं नौकरीपेशा लोग आवागमन करते हैं। इसके बावजूद शासन-प्रशासन एवं संबंधित विभाग द्वारा सड़क की सुध नहीं ली जा रही है।सड़क की दुर्दशा से परेशान ग्रामीणों ने एकत्रित होकर प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते सड़क का निर्माण एवं मरम्मत कार्य शुरू नहीं करवाया गया तो क्षेत्र के ग्रामीण एकजुट होकर उपखंड कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन एवं आंदोलन करने को मजबूर होंगे।ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि आमजन की परेशानी और सड़क दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभाव से ढिंढोरा से चामुण्डा चिनायटा मार्ग का निर्माण करवाया जाए, ताकि दर्जनों गांवों के लोगों को राहत मिल सके।ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि समय रहते सड़क निर्माण नहीं हुआ तो होने वाले आंदोलन की समस्त जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।