*महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ में उल्लासपूर्वक मनाया गया गणेश उत्सव एवं हिंदी दिवस*
---
*महाआरती, मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं हिंदी हस्ताक्षर प्रतियोगिता ने बांधा समां*
---
उज्जैन, 16 सितंबर 2026/मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग के अंतर्गत कार्यरत प्रतिष्ठित संस्था महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ, उज्जैन के कार्यालय परिसर में गणेश उत्सव के द्वितीय एवं तृतीय दिवस पर धार्मिक, सांस्कृतिक एवं साहित्यिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर कला एवं साहित्य जगत की गणमान्य हस्तियों ने सहभागिता की।
*श्रद्धा एवं भक्ति भाव से संपन्न हुई महाआरती*
गणेश उत्सव के द्वितीय दिवस पर वरिष्ठ रंगकर्मी श्री विजयेंद्र वर्मा एवं श्रीमती नीलम वर्मा ने उपस्थित होकर भगवान श्री गणेश की विशेष आराधना की। वहीं, तृतीय दिवस पर आयोजित महाआरती में राष्ट्रीय कवि श्री दिनेश दिग्गज, श्रीमती प्रेम शीला श्रीवास्तव एवं शोधपीठ के निदेशक श्री संजीव कुमार मालवीय ने विधि-विधान एवं श्रद्धा-भाव के साथ भगवान श्री गणेश की आरती की। इस दौरान पूरा परिसर गणपति बप्पा के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।
*सांस्कृतिक प्रस्तुति ने मोहा मन*
आयोजन के दौरान विशाला लोकहित सांस्कृतिक समिति की कलाकार सुश्री दिशा गोरे द्वारा प्रस्तुत गणेश वंदना विशेष आकर्षण का केंद्र रही। उनकी भावपूर्ण एवं मनमोहक प्रस्तुति ने उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
*हिंदी दिवस पर आयोजित हुई हिंदी हस्ताक्षर प्रतियोगिता*
गणेश उत्सव के साथ संस्था में हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में हिंदी हस्ताक्षर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। राजभाषा हिंदी के प्रति जागरूकता एवं सम्मान को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रतियोगिता में सभी ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीन प्रतिभागियों—सुश्री मंदाकिनी शर्मा, सुश्री दिशा गोरे एवं श्री सूर्यदेव ओल्हन को अतिथियों द्वारा पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम का कुशल एवं गरिमामय संचालन सुश्री मंदाकिनी शर्मा ने किया। आयोजन के समापन पर श्री महेश कौशिक ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, कलाकारों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।