महेंद्रगढ़ में रिकॉर्ड रैली करने का दावा, डॉ. अजय चौटाला ने फतेहाबाद में कार्यकर्ताओं के साथ बनाई रणनीति; भाजपा सरकार पर साधा निशाना
राष्ट्रीय कदम ब्यूरो / फतेहाबाद
जननायक जनता पार्टी (जजपा) के नौवें स्थापना दिवस पर 6 दिसंबर को महेंद्रगढ़ में आयोजित होने वाली जन-जन अधिकार रैली को सफल बनाने के लिए पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में जजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला फतेहाबाद पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रैली की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक के दौरान डॉ. अजय सिंह चौटाला ने कई युवाओं को पार्टी का पटका पहनाकर जजपा में शामिल करवाया। उन्होंने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि पार्टी में उन्हें पूरा मान-सम्मान दिया जाएगा। इस दौरान रैली में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर भी चर्चा की गई।
बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलजीत कुलडिय़ा, रविंद्र बेनीवाल, हलका अध्यक्ष सुभाष गौरछिया, पंकज झाझड़ा, खैराती लाल छोकरा, रतिया के पूर्व प्रत्याशी रमेश मुंडई, प्रेस प्रवक्ता कुलदीप सिघड़, सरपंच मोहित खिचड़, जतिन खिलेरी और आनंद गुर्जर सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए डॉ. अजय सिंह चौटाला ने बताया कि फतेहाबाद 20वां जिला है, जहां उन्होंने कार्यकर्ताओं की बैठक की है। उन्होंने दावा किया कि जजपा महेंद्रगढ़ में रिकॉर्ड रैली आयोजित करेगी। महेंद्रगढ़ में रैली करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी ने इस आयोजन के माध्यम से भाजपा को सीधी चुनौती दी है, क्योंकि महेंद्रगढ़ की धरती से ही भाजपा का राजनीतिक आधार मजबूत होना शुरू हुआ था।
धान घोटाले को लेकर पूछे गए सवाल पर डॉ. चौटाला ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार ने प्रदेश की फसल पर डाका डाला है। उन्होंने कहा कि फसलों के दामों में मामूली बढ़ोतरी करके किसानों की आमदनी दोगुनी करने का दावा करना उचित नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में किसानों को समय पर डीएपी और यूरिया खाद उपलब्ध नहीं हो पा रही है। किसान अपनी फसल बेचने के लिए भी परेशान हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के किसानों को ऐसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है, जो उनके अनुसार पहले कभी देखने को नहीं मिलीं।
जजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने महेंद्रगढ़ में होने वाली जन-जन अधिकार रैली को पार्टी के स्थापना दिवस का बड़ा आयोजन बताते हुए कार्यकर्ताओं से इसे सफल बनाने के लिए पूरी ताकत लगाने का आह्वान किया।