कपाल मोचन मेले में स्वास्थ्य विभाग ने लगाई जागरूकता प्रदर्शनी, श्रद्धालुओं को मलेरिया, डेंगू और कैंसर से बचाव की दी जानकारी
राष्ट्रीय कदम ब्यूरो / व्यासपुर (यमुनानगर)
श्री कपाल मोचन-आदि बद्री मेले में जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न विभागों के माध्यम से लगाई गई प्रदर्शनी में स्वास्थ्य विभाग की ओर से श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां देकर जागरूक किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर स्वास्थ्य कार्यकर्ता सरस्वती और उनकी सहयोगी द्वारा मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को विभिन्न बीमारियों के लक्षण, बचाव और उपचार के बारे में विस्तार से जानकारी दी जा रही है।
स्वास्थ्य कार्यकर्ता सरस्वती ने बताया कि मलेरिया एक गंभीर और जानलेवा बीमारी हो सकती है, जो संक्रमित मच्छर के काटने से फैलती है। इससे बचाव के लिए घरों में रखे पानी के बर्तनों, टंकियों, कूलर, फ्रिज की ट्रे और गमलों को नियमित रूप से खाली करके सुखाना चाहिए, ताकि मच्छरों के अंडे और लार्वा नष्ट हो सकें। तेज बुखार, सर्दी, कंपन, सिरदर्द और उल्टी मलेरिया के लक्षण हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर मलेरिया की जांच और उपचार मुफ्त उपलब्ध हैं।
उन्होंने डेंगू और चिकनगुनिया के प्रति भी लोगों को जागरूक करते हुए बताया कि ये एडीज मच्छर के काटने से फैलने वाली वायरल बीमारियां हैं। यह मच्छर सामान्यतः दिन के समय काटता है और साफ पानी में पनपता है। अचानक तेज बुखार, सिरदर्द, आंखों के पीछे दर्द तथा मांसपेशियों और जोड़ों में दर्द डेंगू के प्रमुख लक्षण हैं। वहीं चिकनगुनिया में बुखार के साथ जोड़ों में दर्द और सूजन हो सकती है। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच करवानी चाहिए।
स्वास्थ्य कार्यकर्ता ने तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए कहा कि धूम्रपान, गुटखा, सुपारी और चूने वाले पान का सेवन स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक है। इनसे मुंह के कैंसर का खतरा बढ़ता है। उन्होंने लोगों से किसी भी रूप में तंबाकू का सेवन नहीं करने की अपील की। इसके साथ ही मधुमेह और उच्च रक्तचाप से बचाव के लिए संतुलित आहार लेने, नमक का कम सेवन करने तथा फल और हरी सब्जियों को भोजन में शामिल करने की सलाह दी। नियमित व्यायाम को भी स्वस्थ जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।
उन्होंने एनीमिया यानी शरीर में खून की कमी के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि महिलाएं और किशोरियां जागरूकता के अभाव में अक्सर इस समस्या का शिकार हो जाती हैं। त्वचा, जीभ, नाखूनों और पलकों के अंदर सफेदी, कमजोरी, अत्यधिक थकान, चक्कर आना, सांस फूलना, दिल की धड़कन तेज होना तथा चेहरे और पैरों पर सूजन एनीमिया के लक्षण हो सकते हैं।
एनीमिया से बचाव के लिए लौह तत्व से भरपूर खाद्य पदार्थों के साथ विटामिन ए और सी युक्त भोजन लेने की सलाह दी गई। उन्होंने गर्भवती महिलाओं और किशोरियों को आयरन एवं फोलिक एसिड की गोलियों के नियमित सेवन के महत्व के बारे में भी बताया। स्वास्थ्य विभाग की इस प्रदर्शनी के माध्यम से मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को बीमारियों से बचाव, समय पर जांच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया जा रहा है।