व्यासपुर/यमुनानगर, 21 नवम्बर-
सुप्रसिद्ध ऐतिहासिक व धार्मिक स्थल तीर्थराज कपाल मोचन विभिन्न वर्गों, धर्मों और जातियों की एकता का प्रतीक है। कपाल मोचन यमुनानगर से लगभग 25 किलोमीटर दूर सिन्धु वन में बिलासपुर के पास स्थित है। श्री कपाल मोचन-श्री आदिबद्री मेला 24 नवम्बर तक चलने वाले इस मेले में देश के विभिन्न प्रांतों से लाखों की संख्या में हिन्दू, मुस्लिम व सिख श्रद्धालु प्रत्येक वर्ष कार्तिक मास की पूर्णिमा के मौके पर यहां आते हैं और मोक्ष की कामना से पवित्र सरोवरों क्रमश: कपाल मोचन सरोवर, ऋण मोचन सरोवर व सूरजकुंड सरोवर में स्नान करते हैं। इसके बाद श्रद्धालु एवं यात्री आदि बद्री क्षेत्र में विभिन्न धार्मिक मंदिरों तथा श्री माता मंत्रा देवी के दर्शनों के लिए भी जाते हैं।
पुराणों के अनुसार तीर्थराज कपाल मोचन तीनों लोकों में पाप से मुक्ति दिलाने वाला पावन तीर्थ स्थल है। मेले में आने वाले यात्रियों की सुख-सुविधा को देखते हुए श्री कपाल मोचन, श्री बद्री नारायण, श्री माता मंत्रा देवी व श्री केदारनाथ मंदिर धार्मिक एवं श्राईन बोर्ड व जिला एवं मेला प्रशासन द्वारा व्यापक प्रबंध किए गए हैं, जिसमेें यात्रियों के लिए स्वच्छ पेयजल, सफाई व्यवस्था, आग से बचाव, चिकित्सा सहायता, अस्थाई सुलभ शौचालय आदि व मेला क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस का विशेष प्रबंध किया गया है। सभी सरोवरों के महिला घाटों पर महिला पुलिस का भी विशेष प्रबंध है। आदिबद्री क्षेत्र में भी यात्रियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।
उपायुक्त प्रीति ने बताया कि मेले में आए यात्रियों की सुविधा हेतु मेले में पूछताछ एवं सूचना प्रसारण केन्द्र की स्थापना, मेले में स्वच्छ एवं रोग रहित वातावरण, जनाना घाटों पर विशेष सुरक्षा प्रबंध, मेला में आए श्रद्घालुओं को स्वास्थ्य एवं आयुष विभाग द्वारा मुफ्त दवाइयों का प्रबंध करवाई जा रही है। इसके साथ-साथ मेला परिसर में अस्थायी शौचालयों का निर्माण, बिजली की व्यवस्था,सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था, मेले में वाहन पार्किंग की व्यवस्था के अलावा पवित्र सरोवरों में स्नान के लिए उचित प्रबंध किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि मेले में यदि किसी का कोई सगा-संबंधी या साथी या बच्चा बिछड़ जाए तो सूचना प्रसारण करवाने हेतू सूचना, जन सम्पर्क एवं भाषा विभाग के सूचना प्रसारण केन्द्र जो कि ऋण मोचन सरोवर के किनारे पर स्थित है के साथ-साथ मेला परिसर में बनाए गए सूचना केन्द्रों से सम्पर्क कर अपनी सूचना का प्रसारण करवा सकते हैं। ऋण मोचन सरोवर पर स्थित सूचना प्रसारण केन्द्र के साथ महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा मेले में अपनों से बिछड़े हुए बच्चों को संभालने के लिए अपने विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों जिसमें महिला सुपरवाइजर, महिला आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं व महिला आंगनवाड़ी सहायकों की दिन-रात ड्यूटी लगाई गई है।
उपायुक्त ने बताया कि श्री कपाल मोचन-श्री आदि बद्री मेला की कमान व्यासपुर के उपमंडलाधीश एवं मेला प्रशासक डॉ. कुलदीप सिंह संभाल रहे हैं और उनकी सहायता के लिए अन्य सभी विभागों के अधिकारी संभाले हुए हैं। उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था की कमान पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के मार्गदर्शन में पुलिस के जवान संभाले हुए हैं। पूरे मेला क्षेत्र की सीसीटीवी कैमरों के द्वारा निगरानी रखी जा रही है।
~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~