उरई में ₹1,274 करोड़ की 374 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, सीएम योगी ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां
उरई (जालौन)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को जालौन के उरई स्थित इंदिरा स्टेडियम में आयोजित जनसभा के दौरान ₹1,274 करोड़ की लागत वाली 374 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने बुंदेलखंड के विकास, कानून-व्यवस्था, सिंचाई, उद्योग और रोजगार को लेकर प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। साथ ही अपने संबोधन में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और विकास कार्यों की उपेक्षा के आरोप भी लगाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जालौन और कालपी का ऐतिहासिक महत्व रहा है तथा यह क्षेत्र रानी लक्ष्मीबाई और तात्या टोपे की कर्मभूमि रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों के समय बुंदेलखंड लंबे समय तक विकास से वंचित रहा और क्षेत्र डकैती, अपराध तथा असुरक्षा जैसी समस्याओं से प्रभावित था। उनका दावा था कि भाजपा सरकार बनने के बाद कानून-व्यवस्था में व्यापक सुधार हुआ है और माफिया तंत्र के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की गई है।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार ने भूमि माफिया, नकल माफिया और नशा माफिया पर सख्त कार्रवाई की है। उन्होंने यह भी दावा किया कि सरकारी नौकरियों की भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाया गया है।
सिंचाई, उद्योग और रोजगार पर जोर: मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी सूखे की समस्या से जूझने वाला बुंदेलखंड अब सिंचाई परियोजनाओं और जल प्रबंधन के माध्यम से नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि नहरों के विस्तार से किसानों को लाभ मिल रहा है और कृषि क्षेत्र को मजबूती मिली है।
औद्योगिक विकास का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण (बीडा) के माध्यम से करीब 56 हजार एकड़ क्षेत्र में औद्योगिक विकास की योजना पर कार्य किया जा रहा है। उनके अनुसार इससे जालौन समेत पूरे बुंदेलखंड में निवेश बढ़ेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
उन्होंने जालौन की मटर और कालपी के कागज उद्योग का उल्लेख करते हुए कहा कि इन्हें 'एक जिला, एक उत्पाद' (ओडीओपी) योजना के तहत बढ़ावा दिया गया है और इनके उत्पाद अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने नवीकरणीय ऊर्जा और ग्रामीण विकास का भी किया जिक्र। इसके साथ साथ मुख्यमंत्री ने अंत में विपक्ष पर भी साधा निशाना।
#orai #jalaun #konch #kalpi #madhaugadh
Orai, Jalaun | Jul 25, 2026