जालौन को ₹1,274 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात, मुख्यमंत्री योगी बोले "नया उत्तर प्रदेश, नया जालौन" विकास की नई ऊंचाइयां छू रहा
अंकुर श्रीवास्तव ✍️
उरई, जालौन। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को जालौन पहुंचे, जहां उन्होंने उरई स्थित इंदिरा स्टेडियम में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनपद को लगभग ₹1,274 करोड़ की लागत से तैयार 374 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास कर विकास की नई सौगात दी। उन्होंने कहा कि "नया उत्तर प्रदेश, नया जालौन विकास की नई ऊंचाइयां छू रहा है।"
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कानून-व्यवस्था पर सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति को दोहराते हुए कहा कि प्रदेश में अपराधियों और माफियाओं के लिए केवल जेल या जहन्नुम की जगह है। उन्होंने कहा कि सरकार किसी भी अपराधी को बख्शने वाली नहीं है और कानून से खिलवाड़ करने वालों पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
योगी आदित्यनाथ ने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता पर जोर देते हुए नकल माफिया के खिलाफ भी कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि नकल कराने वालों की संपत्तियां जब्त की जाएंगी तथा उनके खिलाफ 10 वर्ष तक की सजा और ₹10 करोड़ तक के जुर्माने का प्रावधान किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने बुंदेलखंड को डकैतों और माफियाओं के भय से मुक्त कर विकास की नई पहचान दिलाई है। आज क्षेत्र में सड़क, सिंचाई, स्वास्थ्य, शिक्षा और औद्योगिक विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं।
उन्होंने जालौन की स्थानीय पहचान का भी उल्लेख करते हुए कहा कि कालपी का हस्तनिर्मित कागज, जिसे ओडीओपी योजना के तहत बढ़ावा दिया जा रहा है, देशभर में अपनी पहचान बना रहा है। साथ ही जालौन की प्रसिद्ध मटर की खेती किसानों की आय बढ़ाने और जिले को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, प्रमाण पत्र, प्रतीकात्मक चेक, आवास की चाबी तथा
आयुष्मान भारत कार्ड वितरित किए। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
जनसभा में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आमजन मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि जालौन समेत पूरा बुंदेलखंड अब विकास, सुशासन और निवेश का नया केंद्र बन रहा है।
BOL DO BHARAT 🇮🇳
#jalaunnews #YogiAdityanath #UPNews #boldobharat
Orai, Jalaun | Jul 25, 2026