सेवा सेतु कार्यक्रम में दिव्यांग एवं वृद्धजनों को मिली स्वास्थ्य सेवाओं की सुविधा
==
मानस भवन में स्वास्थ्य परीक्षण एवं नेत्र जांच, 98 हितग्राहियों को वितरित किए गए चश्मे
==
सेवा संकल्प अभियान के अन्तर्गत सेवा सेतु कार्यक्रम के तहत जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों में दिव्यांग जनों एवं वृद्धजनों के लिए विशेष स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच शिविर जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित किए गए। आयोजित इन शिविरों का उद्देश्य दिव्यांग एवं वृद्धजनों की स्वास्थ्य आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए प्रारंभिक स्वास्थ्य परीक्षण, नेत्र जांच,चिकित्सीय परामर्श एवं आवश्यक उपचार संबंधी सेवाओं को सहज, सुलभ और संवेदनशील तरीके से उनके नजदीक उपलब्ध कराना रहा।
दमोह शहरी क्षेत्र के मानस भवन में आयोजित शिविर में पंजीकृत 123 दिव्यांगजनों एवं वृद्धजनों की नेत्र जांच के साथ प्रारंभिक स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। नेत्र जांच के दौरान कमजोर दृष्टि एवं दृष्टि संबंधी समस्याओं की पहचान की गई। जांच में 98 हितग्राहियों को चश्मे की आवश्यकता पाए जाने पर उन्हें चश्मों का वितरण किया गया। साथ ही हितग्राहियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के अनुसार आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं आगे की चिकित्सा के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया।