चाचा से शादी की जिद लेकर टावर पर चढ़ी युवती: जौनपुर में 100 फीट ऊंचाई पर प्रेमी ने भरी मांग, एक साल से चल रहा था अफेयर
जौनपुर में पड़ोस के चाचा से शादी करने की जिद पर 19 साल की युवती 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई।
साढ़े चार घंटे तक यह हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा। बाद में उसका प्रेमी भी टावर पर चढ़ गया और पुलिस की मौजूदगी में ही युवती की मांग में सिंदूर भरकर शादी कर ली।
शादी के बाद दोनों नीचे उतर आए, जिसके बाद पुलिस उन्हें थाने ले गई। मामला जिला मुख्यालय से 45 किलोमीटर दूर कसेरवा गांव का है। दोनों के बीच एक साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था।
उनके घर महज 100 मीटर की दूरी पर हैं और वे रिश्ते में चाचा-भतीजी लगते हैं। छह महीने पहले भी दोनों की शादी को लेकर परिवारों में विवाद और मारपीट हुई थी। इसके बाद युवती के परिजनों ने उसे बरसठी क्षेत्र के महुआरी गांव में उसके ननिहाल भेज दिया था, जहां वह तब से रह रही थी।
सुबह 6 बजे घर से निकली, मोबाइल टावर पर चढ़ी
रविवार सुबह करीब 6 बजे नेहा (19) बिना किसी को बताए ननिहाल से निकल गई। वह अपने गांव से करीब एक किलोमीटर दूर बारिगांव पहुंची और वहां लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गई।
टावर पर चढ़ने के बाद उसने खुद फोन करके परिवार वालों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। बरसठी थाने की पुलिस भी वहां पहुंची। सभी ने नेहा को नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन वह प्रेमी अभिजीत (22) से शादी कराने की जिद पर अड़ी रही।
मां ने फोन पर समझाया, प्रेमी ने भी की अपील
ग्रामीणों ने प्रेमी अभिजीत और नेहा के परिजनों को फोन कर इसकी जानकारी दी। सूचना पाकर अभिजीत की मां रेखा मौके पर पहुंचीं। उन्होंने नेहा को टावर से उतरने के लिए कहा और कई बार फोन कर उसे मनाया।
उन्होंने घर-परिवार की इज्जत का हवाला भी दिया, लेकिन नेहा अपनी जिद पर अड़ी रही। परिजनों के कहने पर अभिजीत को भी मौके पर बुलाया गया। उसने भी कई बार नेहा से नीचे उतरने की अपील की, लेकिन वह शादी होने तक टावर से उतरने को तैयार नहीं हुई।
प्रेमी ने टावर पर चढ़कर भरी मांग
करीब साढ़े चार घंटे तक समझाने के बाद भी जब नेहा नीचे नहीं उतरी, तो अभिजीत को टावर पर चढ़ाया गया। वहां उसने नेहा की मांग में सिंदूर भर दिया। इसके बाद दोनों साथ में टावर से नीचे उतर आए। इस दौरान मौके पर ग्रामीणों और परिजनों की भारी भीड़ जुटी रही।
पुलिस दोनों को थाने ले गई
पूरे घटनाक्रम के बाद पुलिस दोनों को अपने साथ बरसठी थाने ले गई, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। गांव के कुछ लोगों के मुताबिक, शादी के लिए परिजनों और ग्रामीणों ने सहमति दे दी है और एक कागज पर हस्ताक्षर भी किए हैं। हालांकि, युवती के परिजन फिलहाल इस मामले पर कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
अभिजीत गौतमः अभिजीत बीएड की पढ़ाई कर रहा है। उसके पिता स्व. हिंचलाल गौतम थे। परिवार में मां रेखा देवी, दो भाई और दो बहनें हैं। अभिजीत भाइयों में सबसे बड़ा है। उसकी दोनों बहनों की शादी हो चुकी है।
नेहा गौतमः नेहा कक्षा 12वीं की छात्रा है। उसके पिता डॉ. दिनेश गौतम निजी क्लिनिक चलाते हैं। परिवार में माता-पिता, एक भाई और दो बहनें हैं। उसकी मां का नाम सविता देवी है।
Farrukhabad, Farrukhabad | Nov 15, 2026