बांदा: अवैध शराब पर पुलिस-आबकारी का संयुक्त प्रहार, पूरे जिले में सघन चेकिंग अभियान*
*बांदा।* अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में शुक्रवार को पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने पूरे जनपद में सघन चेकिंग अभियान चलाया।
अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज के नेतृत्व में सभी थाना क्षेत्रों में यह अभियान चलाया गया। इस दौरान लाइसेंसी अंग्रेजी शराब, देशी शराब, मॉडल शॉप और अन्य आबकारी दुकानों की गहनता से जांच की गई।
टीम ने दुकानों पर उपलब्ध स्टॉक, बिक्री रजिस्टर, स्टॉक रजिस्टर और अन्य अभिलेखों का निरीक्षण किया। लाइसेंस की शर्तों और शासन द्वारा निर्धारित नियमों के पालन की भी जांच हुई। दुकान संचालकों को नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही अवैध शराब के संभावित अड्डों, संदिग्ध स्थानों, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की भी चेकिंग की गई। अवैध शराब के परिवहन और तस्करी को रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरती गई।
सभी क्षेत्राधिकारियों ने अपनी-अपनी टीमों के साथ अपने थाना क्षेत्रों में चेकिंग की। अधिकारियों ने अधीनस्थों को अवैध शराब कारोबार पर लगातार निगरानी रखने और संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
Atarra, Banda | Sep 12, 2026