आज जिला पदाधिकारी, बांका की अध्यक्षता में समाहरणालय के मिनी सभागार में शिक्षा विभाग, बांका की समीक्षा की गई, बैठक में निम्नवत निदेश दिये गए :-
समीक्षा के क्रम में जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि विलंब से विद्यालय में उपिस्थति दर्ज करने वाले 176 शिक्षकों से कारण पृच्छा किया गया है। साथ ही फर्जी प्रमाण-पत्र पर बहाल 01 शिक्षक एवं 01 टोला सेवक को सेवा से बर्खास्त किया गया है।
जिला पदाधिकारी द्वारा विद्यालय निरीक्षण की समीक्षा के क्रम में विद्यालयों में फर्जी तरीके से हाजिरी संधारित करने वाले दोषी शिक्षकों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी प्रधानाध्यापक अपने-अपने विद्यालयों में फर्जी तरीके से हाजिरी बनाने वाले शिक्षकों की जानकारी तत्काल संबंधित विभागीय पदाधिकारी को उपलब्ध कराएंगे। इस प्रकार के कृत्य में किसी भी शिक्षक अथवा प्रधानाध्यापक की संलिप्तता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध भी कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में जिला पदाधिकारी द्वारा जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देशित किया गया कि फर्जी हाजिरी संधारण अथवा इसमें किसी भी प्रकार की संलिप्तता पाए जाने पर संबंधित शिक्षक एवं प्रधानाध्यापक के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करें।
समीक्षा के दौरान सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे रोस्टर तैयार कर विभिन्न विद्यालयों, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय सहित अन्य विद्यालयों का नियमित एवं औचक निरीक्षण सुनिश्चित करेंगे। निरीक्षण के दौरान शिक्षकों की उपस्थिति, विद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियों तथा अन्य व्यवस्थाओं की जांच करते हुए निरीक्षण प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि विद्यालयों में अनुशासन, शिक्षकों की नियमित उपस्थिति एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिला पदाधिकारी द्वारा प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी द्वारा अगस्त माह में लक्ष्य से कम विद्यालय निरीक्षण करने पर नाराजगी व्यक्त की गयी। साथ ही जिला शिक्षा पदाधिकारी को सभी नव प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को शिक्षा विभाग के कार्यों का एक चेकलिस्ट प्वाईट टू प्वाईंट बनाकर देने का निदेश दिया गया ताकि उसके अनुरूप प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी कार्य कर सके।
बाराहाट प्रखंड के शिक्षक राजीव रंजन द्वारा विद्यालयों के निरीक्षण करने पर गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी / जिला कार्यक्रम पदाधिकारी को स्वयं मामले की जॉच करने एवं कठोर कार्रवाई करने का निदेश दिया गया।
विद्यालय में छात्र उपस्थिति पर गंभीर चिंता प्रकट करते हुए टोला सेवक/तालिमी मरकज के शिक्षा स्वयं सेवकों के कार्यों की समीक्षा करने एवं छात्रों को विद्यालय नहीं लाने वाले / कार्य नहीं करने वाले टोला सेवकों/ तालिमी मरकज के विरूद्ध चिन्हित कर कठोर कार्रवाई करने का निदेश दिया गया।
जिला पदाधिकारी द्वारा समाचार पत्रों में प्रकाशित नकारात्मक एवं विभागीय कार्यों से संबंधित खबरों पर विशेष संज्ञान लेते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देशित किया गया कि प्रकाशित खबरों की गंभीरता से जांच करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही, संबंधित मामलों का समयबद्ध निष्पादन करते हुए की गई कार्रवाई से जिला प्रशासन को अवगत कराने का भी निर्देश दिया गया।
मध्याहन भोजन की समीक्षा के क्रम में जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि तीन विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों द्वारा उपस्थिति कम रहने के बावजूद हाजिरी पंजी में अधिक उपस्थिति दिखाने पर उ०म०वि० लक्ष्मीपुर, कटोरिया से रू0 16,190, उ०म०वि० ताहिरपुर उर्दू, धोरैया से रू0 71,660 एवं उ०म०वि० जाखा, धोरैया से रू० 44,075 अर्थात् कुल मो०/-1,31,925.00 (एक लाख एकतीस हजार नौ सौ पचीस रूपया) की वसूली का आदेश दिया गया है। इसके अतिरिक्त 04 विद्यालयों के प्रधानाध्यापक से वसूली की कार्रवाई प्रक्रियाधीन है।
सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को विद्यालयों में वेंडर द्वारा दिये जा रहे खाद्य सामग्री, फल, अंडा की गुणवता निरीक्षण के समय अनिवार्य रूप से चेक करने का निदेश दिया गया। सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी निरीक्षण के पश्चात् विद्यालयों में अपेक्षित प्रगति लायें और लक्ष्य के अनुरूप कार्य को निष्पादित करेंगे।
इस मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी, सभी जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, सहायक अभियंता, सभी संभाग प्रभारी, सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी एवं शिक्षा विभाग के अन्य कर्मी मुख्य रूप से मौजूद रहे।
Banka, Bihar | Sep 10, 2026