कृषि टास्क फोर्स की बैठक में योजनाओं की प्रगति की समीक्षा, लक्ष्य आधारित कार्य एवं सख्त कार्रवाई के निर्देश
आज श्री अंशुल अग्रवाल (भा०प्र०से०), जिला पदाधिकारी, बांका की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित मिनी सभागार में कृषि टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कृषि विभाग सहित कृषि से जुड़े विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं किए जा रहे कार्यों की सूक्ष्मता से समीक्षा की गई तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान कृषि विभाग अंतर्गत फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति की समीक्षा की गई। समीक्षा के क्रम में कार्य की प्रगति अपेक्षा के अनुरूप नहीं पाए जाने पर जिला पदाधिकारी द्वारा असंतोष व्यक्त करते हुए जिला कृषि पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि सभी संबंधित पदाधिकारियों के लिए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करते हुए लक्ष्य के अनुरूप कार्य सुनिश्चित कराएं। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी अंचल अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर फार्मर रजिस्ट्री के कार्य में तेजी लाएं। कार्य में अपेक्षित प्रगति लाने के लिए स्पष्ट कार्ययोजना तैयार करते हुए प्रतिदिन का लक्ष्य निर्धारित किया जाए तथा क्षेत्रीय कर्मियों के साथ समन्वय स्थापित कर मिशन मोड में कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्य को ससमय पूरा किया जाए।
जिला पदाधिकारी ने जिला कृषि पदाधिकारी को निर्देश दिया कि फार्मर रजिस्ट्री सहित कृषि विभाग के विभिन्न कार्यों की दैनिक स्तर पर प्रगति की समीक्षा करें तथा प्रत्येक सप्ताह कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए प्रगति की निगरानी सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि कार्य में लापरवाही बरतने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिला पदाधिकारी ने जिले के किसानों को उर्वरकों की उपलब्धता उचित मूल्य पर सुनिश्चित कराने हेतु विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि उर्वरक की बिक्री में किसी भी प्रकार की अनियमितता, कालाबाजारी अथवा निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूलने की शिकायत प्राप्त होने पर संबंधित उर्वरक विक्रेता के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने के साथ-साथ प्रतिष्ठान की अनुज्ञप्ति रद्द करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। किसानों को उर्वरक प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो तथा उन्हें निर्धारित मूल्य पर ही उर्वरक उपलब्ध हो, इसके लिए लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया गया।
बैठक में उपस्थित सभी विभागों के पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि अगली बैठक में वर्तमान प्रगति के साथ-साथ पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन एवं उपलब्धियों का तुलनात्मक प्रतिवेदन अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करें, ताकि कार्यों की वास्तविक प्रगति का आकलन किया जा सके।
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि कृषि एवं किसानों से संबंधित योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी पदाधिकारी निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य करते हुए योजनाओं का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।
Banka, Bihar | Sep 10, 2026