राज्यमंत्री राजेश नागर ने छोटे भाई सुधीर नागर का जन्मदिन धूमधाम से मनाया,क्षेत्रवासियों ने दिया भरपूर स्नेह और आशीर्वाद
सादगीपूर्ण विवाह को बढ़ावा देने का संदेश देते हुए बोले सुधीर नागर—क्षेत्रवासियों का प्यार और बुजुर्गों का आशीर्वाद ही मेरी सबसे बड़ी पूंजी
फरीदाबाद,17 नवंबर।
Aonenews अरविन्द बक्शी
हरियाणा सरकार में राज्य मंत्री राजेश नागर ने अपने छोटे भाई एवं युवा भाजपा नेता सुधीर नागर के जन्मदिन पर भतोला स्थित निवास पर केक काटकर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी और अपने हाथों से केक खिलाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर गांवों और शहरों से बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने सुधीर नागर को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। क्षेत्रवासियों ने फूलों की मालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया तथा गुलदस्ते भेंट कर और मिठाई खिलाकर उन्हें आशीर्वाद दिया और पत्रकार बंधुओ ने भी उन्हें बधाई दी,पूरे कार्यक्रम में उत्साह और अपनत्व का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर युवा भाजपा नेता सुधीर नागर ने क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह सभी लोगों का हृदय से धन्यवाद करते हैं। उन्हें हमेशा क्षेत्र के लोगों का प्यार, सम्मान और आशीर्वाद मिलता रहा है। जन्मदिन पर युवा साथियों, बुजुर्गों, माताओं और बहनों सहित सभी वर्गों के लोगों ने जिस आत्मीयता के साथ उन्हें शुभकामनाएं दी हैं, उसके लिए वह सभी के आभारी हैं।
क्षेत्र में लगातार गांवों और शहरों में जाकर लोगों से मिलने तथा भविष्य की राजनीतिक रणनीति के सवाल पर सुधीर नागर ने कहा कि उनकी प्राथमिकता हमेशा लोगों के बीच रहकर उनकी सेवा करना है। वह क्षेत्रवासियों के सुख-दुख में शामिल होकर उनके साथ मिलकर काम करना चाहते हैं। लोगों का मार्गदर्शन और सहयोग ही उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने समाज में सादगीपूर्ण विवाह को बढ़ावा देने के विषय पर कहा कि शादी-विवाह में अनावश्यक खर्च और दिखावे से बचना चाहिए। विवाह जैसे सामाजिक आयोजन ₹101 की प्रतीकात्मक राशि में संपन्न होने चाहिए, ताकि लड़की के परिवार पर किसी प्रकार का आर्थिक बोझ न पड़े। समाज में सभी को समान सम्मान मिलना चाहिए और ऐसी परंपराओं को अपनाना चाहिए, जिनसे गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों को राहत मिले।
सुधीर नागर ने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को इस दिशा में आगे आना चाहिए। सामाजिक कुरीतियों और फिजूलखर्ची को समाप्त कर आपसी भाईचारे, समानता और सादगी को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने जन्मदिन के अवसर पर मिले अपार स्नेह और आशीर्वाद के लिए सभी क्षेत्रवासियों का पुनः आभार व्यक्त किया।