देवकी कम्युनिटी पाठशाला में धूमधाम से मनाया बाल दिवस, बच्चों के चेहरों पर दिखी खुशी
मिलेनियम वर्ल्ड स्कूल की प्रिंसिपल नेहा खेरा ने बच्चों से किया संवाद, शिक्षकों और कोऑर्डिनेटर्स ने भी लिया कार्यक्रम में हिस्सा
फरीदाबाद A2z न्यूज़ update, आप की आवाज़ सेक्टर-85 स्थित मिलेनियम वर्ल्ड स्कूल (Millennium World School) की ओर से देवकी एजुकेशनल सोशल फाउंडेशन द्वारा संचालित देवकी कम्युनिटी पाठशाला में बाल दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर स्कूल की प्रिंसिपल श्रीमती नेहा खेरा कोऑर्डिनेटर्स एवं शिक्षकों के साथ पाठशाला पहुंचीं और बच्चों के साथ समय बिताकर उनका उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम के दौरान प्रिंसिपल नेहा खेरा ने बच्चों से बातचीत की और उनकी पढ़ाई, रुचियों तथा स्कूल के अनुभवों के बारे में जानकारी ली। बच्चों ने भी पूरे उत्साह के साथ अपने विचार साझा किए। उन्होंने बताया कि वे खुशी-खुशी स्कूल आते हैं और पढ़ाई के साथ अन्य गतिविधियों में भी रुचि लेते हैं।
इस अवसर पर नेहा खेरा ने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि हर बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है। जरूरत है तो बस उसे पहचानने और सही दिशा देने की। बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करनी चाहिए और अपने सपनों को पूरा करने के लिए लगातार प्रयास करना चाहिए।
देवकी एजुकेशनल सोशल फाउंडेशन की संस्थापक रीना मलिक ने इस आयोजन के लिए मिलेनियम वर्ल्ड स्कूल की प्रिंसिपल, कोऑर्डिनेटर्स एवं शिक्षकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को शिक्षा के साथ प्यार, प्रोत्साहन और बेहतर अवसर देना ही संस्था का मुख्य उद्देश्य है।
बाल दिवस का यह आयोजन बच्चों के लिए यादगार रहा। बच्चों की मुस्कान और उत्साह ने कार्यक्रम को खास बना दिया। इस पहल ने शिक्षा के माध्यम से बच्चों के उज्ज्वल भविष्य को संवारने और समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।