जिला अस्पताल को 600 बिस्तरीय करने विधायक जयंत मलैया ने उपमुख्यमंत्री श्री शुक्ल को लिखा पत्र
===
दमोह विधायक जयंत मलैया ने जिला चिकित्सालय दमोह को वर्तमान 300 बिस्तरीय क्षमता से बढ़ाकर 600 बिस्तरीय अस्पताल के रूप में उन्नयन करने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेन्द्र शुक्ल को पत्र लिखकर आवश्यक स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया है।
विधायक श्री मलैया ने बताया कि वर्तमान में जिला चिकित्सालय में 467 बिस्तर क्रियाशील हैं, जबकि 50 बिस्तरीय सीसीबीएच भवन का लोकार्पण भी हो चुका है। उपलब्ध मानव संसाधन 300 बिस्तरीय अस्पताल के अनुरूप हैं और 517 बिस्तरों के संचालन के लिए अपर्याप्त हैं।
उन्होंने बताया कि दमोह मेडिकल कॉलेज का निर्माण पूर्ण हो चुका है तथा इस वर्ष 100 एमबीबीएस विद्यार्थियों के प्रवेश की संभावना है। मेडिकल कॉलेज से संबद्ध अस्पताल जिला चिकित्सालय ही है, जिससे भविष्य में ओपीडी एवं भर्ती मरीजों की संख्या बढ़ेगी।
श्री मलैया ने लगभग 65 वर्ष पुराने जिला अस्पताल भवन में सीपेज सहित अन्य समस्याओं का उल्लेख करते हुए पुराने भवन को ध्वस्त कर नवीन 300 बिस्तरीय मल्टीस्टोरी अस्पताल एवं ओपीडी निर्माण की स्वीकृति देने का आग्रह किया है।
12 views | Damoh, Madhya Pradesh | Sep 3, 2026