राज्य परियोजना प्रबंधक गरिमा सुंदरम ने मुरैना की आजीविका गतिविधियों का किया निरीक्षण
समूह की महिलाओं को स्थायी आजीविका से जोड़ने और उत्पादों के बेहतर विपणन पर जोर
राज्य परियोजना प्रबंधक (सूक्ष्म उद्यमिता विकास) श्रीमती गरिमा सुंदरम ने बुधवार को मुरैना जिले का भ्रमण कर विभिन्न आजीविका एवं गैर-कृषि गतिविधियों का अवलोकन किया। भ्रमण के दौरान उन्होंने समूह सदस्यों से संवाद कर संचालित गतिविधियों की जानकारी ली तथा व्यवसाय को अधिक प्रभावी एवं लाभदायी बनाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।
भ्रमण की शुरुआत विकासखंड जौरा के ग्राम अलापुर स्थित नया सवेरा एफपीओ के कालीन निर्माण समूह से हुई। यहां उन्होंने कालीन निर्माण से जुड़ी समूह की दीदियों से विस्तृत चर्चा की और कालीन निर्माण की प्रक्रिया, तकनीक एवं कार्यप्रणाली का अवलोकन किया। श्रीमती नसीम, श्रीमती सोनी सहित समूह सदस्यों ने कालीन निर्माण की विभिन्न प्रक्रियाओं एवं गतिविधियों के संबंध में जानकारी दी।
इसके पश्चात उन्होंने ब्यूटी पार्लर गतिविधि का अवलोकन किया तथा राष्ट्रीय उद्यमिता एवं लघु व्यवसाय विकास संस्थान के कार्यक्रम के समापन समारोह में सहभागिता की। कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत एवं जिला प्रबंधक, उद्योग विभाग से सहायक संचालक श्री संजय सिंह चौहान की उपस्थिति में प्रशिक्षण में शामिल प्रतिभागी दीदियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।
श्रीमती सुंदरम ने आजीविका राखी मेले का भी भ्रमण किया और समूह सदस्यों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न उत्पादों का अवलोकन किया। उन्होंने समूह सदस्यों एवं स्टाफ से संवाद कर उत्पादों की गुणवत्ता बनाए रखने, व्यवसाय के विस्तार तथा प्रभावी विपणन के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन दिया।
इसके बाद कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ की उपस्थिति में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत के साथ कालीन क्लस्टर के संबंध में बिंदुवार चर्चा की गई। बैठक में कालीन क्लस्टर की डीपीआर तैयार करने, समूह सदस्यों के लिए एक्सपोजर विजिट आयोजित करने, दीदियों के लिए वर्कशीट की व्यवस्था तथा विभिन्न विभागों के साथ अभिसरण के माध्यम से क्लस्टर की गतिविधियों को प्रभावी रूप से संचालित करने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई।
कलेक्टर परिसर स्थित दीदी कैफे का भ्रमण कर श्रीमती सुंदरम ने समूह की दीदियों से संवाद किया तथा कैफे का संचालन निर्धारित एसओपी के अनुरूप सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया।
भ्रमण के दौरान उन्होंने कहा कि समूह की महिलाओं को स्थानीय संसाधनों एवं उनके कौशल के आधार पर स्थायी आजीविका से जोड़ना तथा उनके उत्पादों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। उन्होंने विभिन्न आजीविका गतिविधियों को व्यवसायिक दृष्टिकोण से विकसित करने, उत्पादों की गुणवत्ता एवं विपणन व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा समूह सदस्यों की आय में वृद्धि के लिए निरंतर प्रयास करने पर जोर दिया।
#JansamparkMP #morena2026 #Morena #MadhyaPradesh Jansampark Madhya Pradesh
25 views | Morena, Madhya Pradesh | Aug 26, 2026