छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर छठ पूजा समितियों के साथ जिला प्रशासन की बैठक
पटना, 9 नवंबर 2026
छठ महापर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराने तथा घाटों पर सुरक्षा एवं सुचारु यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में जिलाधिकारी श्री कुंदन कुमार की अध्यक्षता में छठ पूजा समितियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर आयुक्त श्री यशपाल मीणा , वरीय पुलिस अधीक्षक श्री कार्तिकेय के. शर्मा, उप विकास आयुक्त श्री शुभम कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में छठ पूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने जिले के विभिन्न छठ घाटों पर व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इनमें घाटों तक पहुँच पथ की समुचित व्यवस्था, श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए पर्याप्त प्रवेश एवं निकास मार्ग, समुचित प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता प्रमुख रूप से शामिल थीं।
समिति के सदस्यों ने विशेष रूप से उन घाटों पर, जहाँ दूसरे क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आकर छठ पूजा करते हैं, उनके रात्रि विश्राम के लिए उचित व्यवस्था करने का सुझाव दिया। इसके अतिरिक्त पर्याप्त संख्या में नावों की उपलब्धता, चेंजिंग रूम, एनडीआरएफ की टीमों एवं प्रशिक्षित गोताखोरों की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
भीड़ प्रबंधन एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वॉच टावरों को क्रमांकित करने का सुझाव भी दिया गया, ताकि भीड़ के दौरान बिछुड़े हुए व्यक्तियों को संबंधित वॉच टावर तक पहुँचने तथा उनकी पहचान करने में आसानी हो।
जिलाधिकारी श्री कुंदन कुमार ने समिति के सभी सुझावों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को निम्नलिखित निर्देश दिए:
घाटों तक पहुँच एवं आवागमन की व्यवस्था
सभी छठ घाटों तक पहुँच पथ को सुगम बनाया जाए। श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन के लिए प्रवेश एवं निकास के पर्याप्त मार्ग सुनिश्चित किए जाएँ, ताकि भीड़ का दबाव नियंत्रित रहे।
बुनियादी सुविधाएँ एवं प्रकाश व्यवस्था:
सभी घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, चेंजिंग रूम तथा श्रद्धालुओं की आवश्यकता के अनुरूप अन्य मूलभूत सुविधाएँ सुनिश्चित की जाएँ।
रात्रि विश्राम की व्यवस्था:
जिन घाटों पर दूसरे क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं, वहाँ उनके ठहरने के की समुचित व्यवस्था की जाए।
आपदा प्रबंधन एवं सुरक्षा:
सभी प्रमुख घाटों पर पर्याप्त संख्या में नावों, एनडीआरएफ की टीमों एवं प्रशिक्षित गोताखोरों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।
वॉच टावर एवं भीड़ प्रबंधन:
सभी वॉच टावरों को क्रमांकित किया जाए, जिससे भीड़ के दौरान बिछुड़े हुए व्यक्तियों को संबंधित वॉच टावर तक पहुँचने तथा उन्हें खोजने में सुविधा हो। भीड़ प्रबंधन के लिए भी आवश्यक व्यवस्था की जाए।
पटना जिले के अन्य महत्वपूर्ण छठ पूजा स्थलों पर भी सुरक्षा, स्वच्छता, प्रकाश, आवागमन एवं श्रद्धालुओं की सुविधा से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियाँ सुनिश्चित की जाएँ। संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण एवं अनुश्रवण करें।
उन्होंने सभी संबंधित विभाग से कहा कि अपने-अपने दायित्वों का व्यक्तिगत रूप से अनुश्रवण करें तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे करें। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि किसी भी स्तर पर कमी न रहे।
जिलाधिकारी ने कहा कि छठ महापर्व बिहार की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक पहचान से जुड़ा सबसे महत्वपूर्ण पर्व है। इस अवसर पर लाखों श्रद्धालु आस्था एवं श्रद्धा के साथ भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करते हैं। अतः प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी तैयारियाँ निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी होनी चाहिए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वरीय पुलिस अधीक्षक श्री कार्तिकेय के. शर्मा ने कहा कि छठ महापर्व के दौरान विधि-व्यवस्था, सुरक्षा एवं यातायात के सुचारु संचालन के लिए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। उन्होंने छठ पूजा समितियों एवं आम नागरिकों से प्रशासन को सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि निर्धारित यातायात योजना का पालन करना तथा वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करना आवश्यक है। श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए जनसहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है।
नगर आयुक्त श्री यशपाल मीणा ने आश्वस्त किया कि छठ पूजा समितियों से प्राप्त सुझावों एवं घाटों के निरीक्षण के दौरान चिह्नित कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाएगा। समिति के फीडबैक के अनुरूप आवश्यक सुधार करते हुए सभी घाटों पर बेहतर व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की जाएँगी।
जिलाधिकारी ने पुनः सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे सौंपे गए दायित्वों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करें तथा सभी तैयारियों को समय पर पूरा करना सुनिश्चित करें, ताकि छठ महापर्व पूरी श्रद्धा, आस्था, सुरक्षा एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
#CMSamrat
#samratchoudhary
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Patna Traffic police
Patna Police
City of Patna - PMC
Urban Development & Housing Dept, Govt. of Bihar
Patna, Bihar | Nov 9, 2026