_*सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बछरावां में कन्या जन्मोत्सव का आयोजन*_
_*21 नवजात बच्चियों की माताओं को वितरित की गई बेबी किट*_
*रायबरेली, 02 नवम्बर 2026*
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, बछरावां में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की मा० उपाध्यक्ष (उपमंत्री स्तर प्राप्त) अर्पणा यादव की गरिमामयी उपस्थिति में कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मा० उपाध्यक्ष ने केक काटकर कन्या जन्मोत्सव मनाया तथा 21 नवजात बच्चियों की माताओं को बेबी किट वितरित की।
कार्यक्रम के दौरान मा० उपाध्यक्ष अर्पणा यादव ने उपस्थित माताओं को कन्या सुमंगला योजना की जानकारी देते हुए योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए जनसेवा केन्द्र पर जाकर आवेदन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने महिला कल्याण विभाग एवं शासन द्वारा महिलाओं और बालिकाओं के हितार्थ संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
जिला प्रोबेशन अधिकारी शक्ति त्रिपाठी ने उपस्थित महिलाओं को निराश्रित महिला पेंशन योजना, वृद्धावस्था पेंशन योजनाओं सहित सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही वन स्टॉप सेंटर की कार्यप्रणाली एवं महिलाओं, बच्चों तथा आमजन की सहायता और सुरक्षा के लिए जारी टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 181, 112, 1098, 1090, 108 एवं 1076 के बारे में भी विस्तारपूर्वक बताया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य नवजात बालिकाओं के जन्म को उत्सव के रूप में मनाने, बालिकाओं के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने तथा महिलाओं एवं बालिकाओं को सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर उन्हें लाभान्वित करना रहा।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेंद्र सिंह, बाल विकास परियोजना अधिकारी संजय सिंह, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बछरावां की अधीक्षिका डॉ. अर्पिता मिश्रा, जिला मिशन समन्वयक शेफाली सिंह, आशा बहुएं, आलोक सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।