नाका रावलधी चौक पर सघन नाकाबंदी; 44 वाहनों की सघन जांच, 04 के कटे चालान
पुलिस महानिदेशक हरियाणा के विशेष निर्देशों की अनुपालना करते हुए, जिला पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार पी., आईपीएस के मार्गदर्शन में चरखी दादरी पुलिस ने अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ शिकंजा कसने, अपराधों की रोकथाम, अवैध नशा तस्करी पर पूर्ण अंकुश लगाने और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के उद्देश्य से 17-18 नवंबर की मध्यरात्रि को नाका रावलधी चौक पर पुलिस ने मज़बूत घेराबंदी कर सघन नाकाबंदी को अंजाम दिया।
अभियान डीएसपी कप्तान सिंह के कुशल नेतृत्व तथा इंस्पेक्टर सुरेश की अगुवाई में तैनात 16 पुलिसकर्मियों की विशेष टीम द्वारा चलाया गया। नाके पर तैनात पुलिस बल ने पूरी मुस्तैदी के साथ आने-जाने वाले हर छोटे-बड़े वाहन को रुकवाया। रात के अंधेरे में होने वाली गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए पुलिस टीमों ने मेटल डिटेक्टर और टॉर्च की मदद से वाहनों की डिक्की, सीटों के नीचे और अन्य हिस्सों की बारीकी से तलाशी ली।
मध्यरात्रि चले इस चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 44 वाहनों की गहनता से पड़ताल की। इस दौरान यातायात नियमों की अनदेखी और लापरवाही बरतने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए 04 वाहनों के चालान काटे गए।
अभियान के दौरान डीएसपी कप्तान सिंह ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि जिले की सुरक्षा व्यवस्था और आमजन की शांति से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। असामाजिक तत्वों और नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस के इस तरह के औचक व विशेष चेकिंग अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे।
Uklana, Hissar | Nov 18, 2026