*डीआईजी लॉ एंड ऑर्डर की अध्यक्षता में जिला पलवल की कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था की हुई व्यापक समीक्षा, जन-सुरक्षा को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता।*
*पलवल पुलिस किसी भी विकट स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सशक्त: अभिषेक जोरवाल,डीआईजी लॉ एंड ऑर्डर।*
By अमित वर्मा किनाला
पुलिस प्रवक्ता कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार आज पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) लॉ एंड ऑर्डर श्री अभिषेक जोरवाल ने आज जिला पलवल का दौरा कर कानून-व्यवस्था और सुरक्षा स्थितियों की गहन समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष रूप से तैयार एवं गठित की गई पुलिस कंपनियों और टुकड़ियों की तैयारियों का जायजा लिया तथा संबंधित पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीआईजी श्री अभिषेक जोरवाल ने निर्देश देते हुए कहा कि लॉ एंड ऑर्डर कंपनी में तैनात सभी जवानों के दंगा निरोधक उपकरण पूरी तरह दुरुस्त होने चाहिए और कंपनियों द्वारा निरंतर अभ्यास किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिला पलवल में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात है तथा पलवल पुलिस के अधिकारी व जवान किसी भी विपरीत या विकट स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सशक्त हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ पलवल पुलिस अपराध नियंत्रण की दिशा में भी त्वरित कार्रवाई कर रही है।
समीक्षा के दौरान डीआईजी महोदय ने अपराधियों पर निगरानी तंत्र को मजबूत करने तथा सोशल मीडिया व अन्य माध्यमों पर सतत निगरानी रखने के आदेश दिए गए, ताकि शांति एवं कानून-व्यवस्था भंग करने वाले असामाजिक तत्वों पर समय रहते सख्त कार्रवाई की जा सके।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक पलवल दीप्ति गर्ग, आईपीएस ने अवगत कराया कि जिला पलवल में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 3 विशेष कंपनियां—जिनमें एक महिला पुलिसकर्मियों की कंपनी भी शामिल है—तथा कमांडो की दो स्वाट (SWAT) टीमें गठित की गई है, जो शॉर्ट नोटिस पर ड्यूटी के लिए तुरंत उपलब्ध रहते हैं। इन कंपनियों के लिए बाकायदा एक ट्रेनिंग प्रोग्राम निर्धारित किया गया है, जिसके तहत जवानों को विषम परिस्थितियों से निपटने का निरंतर प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक ने आगे बताया कि पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी सभी निर्देशों की जिले में कड़ाई से पालना की जा रही है। गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश हेतु जिला स्तर पर एक विशेष 'मिसिंग सैल' का गठन किया गया है, जिसने बड़े पैमाने पर अभियान चलाते हुए नेपाल, बिहार और दिल्ली सहित अन्य स्थानों से कई गुमशुदा व्यक्तियों को तलाश कर सकुशल बरामद किया है। इस समीक्षा बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में शांति, जन-सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करना है।
Uklana, Hissar | Nov 17, 2026