दिल्ली में खपाने के लिए चंडीगढ़ से लाई जा रही थी अवैध अंग्रेजी शराब, पंचकूला पुलिस ने रास्ते में ही दबोची साढ़े 7 लाख रुपये की 125 पेटियां, आरोपी को गिरफ्तार कर 3 दिन के रिमांड पर लिया
By अमित वर्मा किनाला
पंचकूला/ 18 नवंबर :- पंचकूला पुलिस द्वारा जिले में अवैध शराब की तस्करी और नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के स्पष्ट निर्देशों के तहत पुलिस की विभिन्न टीमें संदिग्ध वाहनों पर पैनी नजर रखते हुए लगातार गश्त और नाकाबंदी कर रही हैं। जिसके तहत क्राइम ब्रांच-1 सेक्टर-26 पंचकूला की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चंडीगढ़ से दिल्ली अवैध रूप से सप्लाई की जा रही अंग्रेजी शराब की 125 पेटियां बरामद की हैं। पुलिस ने शराब से भरी पिकअप गाड़ी को कब्जे में लेकर आरोपी चालक अमनदीप उर्फ अमन निवासी गांव गराडसी, थाना ज्योतिसर, जिला कुरुक्षेत्र को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब साढ़े 7 लाख रुपये बताई जा रही है।
एसीपी क्राइम विक्रम नेहरा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि 17 नवंबर 2026 को क्राइम ब्रांच-1 को गुप्त सूचना मिली कि अमनदीप उर्फ अमन अपनी पिकअप गाड़ी में चंडीगढ़ से अवैध शराब लोड करके बरवाला रोड के पुराने बाईपास से गांव रिहोड़ की तरफ जाने वाला है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए इन्चार्ज मनोज की अगुवाई में टीम ने तुरंत पुराने बाईपास रोड पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। कुछ समय बाद पिकअप गाड़ी मौके पर पहुंची, जिसे पुलिस टीम ने रुकवाकर चेक किया। गाड़ी पर नीले रंग की तिरपाल बंधी हुई थी। पुलिस द्वारा तिरपाल हटाकर जांच करने पर पिकअप की बॉडी में गत्ते की पेटियां भरी हुई मिलीं। तलाशी लेने पर कुल 125 पेटी अंग्रेजी शराब मिली। पुलिस द्वारा चालक से शराब का लाइसेंस अथवा परमिट मांगा गया, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
डीसीपी अमरिंदर सिंह के अनुसार इस संबंध में थाना चंडीमंदिर में आरोपी अमनदीप उर्फ अमन के खिलाफ हरियाणा संशोधित आबकारी अधिनियम की धारा 61(1)(a) के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान आरोपी को नियमानुसार गिरफ्तार कर पूछताछ की गई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि चंडीगढ़ से लाई गई यह अवैध शराब दिल्ली सप्लाई की जानी थी, लेकिन पंचकूला पुलिस ने तस्करी की इस खेप को रास्ते में ही पकड़ लिया।
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन: आरोपी को अदालत में पेश कर तीन दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है। रिमांड के दौरान आरोपी से शराब सप्लाई करने वाले मुख्य सप्लायर की पहचान और गिरफ्तारी के संबंध में पूछताछ की जाएगी। हमारी टीम इस पूरे तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
पुलिस कमिश्नर ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि अवैध शराब की खरीद-फरोख्त, भंडारण और तस्करी से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Uklana, Hissar | Nov 18, 2026