विमुक्ति दिवस पर कलेक्ट्रेट में गरिमामय कार्यक्रम आयोजित, विमुक्त एवं घुमंतु समुदाय के गणमान्य नागरिकों का हुआ सम्मान
--
कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े के निर्देशन में आज कलेक्ट्रेट सभागार में 'विमुक्ति दिवस' का गरिमामय आयोजन संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में विमुक्त, घुमंतु एवं अर्ध-घुमंतु समाज के जनप्रतिनिधि तथा समुदाय के नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के शुभारंभ पर विभाग के अधिकारी राघव पटसारिया द्वारा पधारे हुए समुदाय के जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों का पुष्पगुच्छ और माला पहनाकर स्वागत-अभिनंदन किया गया। तत्पश्चात, विभागीय अधिकारियों द्वारा समुदाय के कल्याण हेतु राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले समाजसेवी सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान समाज के प्रमुख समाजसेवियों तथा जनप्रतिनिधियों को उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र एवं ट्रॉफी भेंटकर सम्मानित किया गया।
समस्याओं का निवारण और योजनाओं से जुड़ने की अपील
आयोजन में उपस्थित समुदाय के लोगों से शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में आ रही व्यावहारिक समस्याओं के बारे में सीधी चर्चा की गई और उनकी समस्याओं की जानकारी ली गई। साथ ही, उपस्थितजनों से स्वरोजगार एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं में अधिक से अधिक संख्या में आवेदन कर उनका लाभ उठाने का आग्रह किया गया।
#jansamparkMP #niwari