संतकबीरनगर में धूमधाम से मनाया गया अखिलेश यादव का 53वां जन्मदिन, 2027 में जीत का लिया संकल्प
संतकबीरनगर में समाजवादी पार्टी कार्यालय पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का 53वां जन्मदिन बड़े ही उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने केक काटकर एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और अखिलेश यादव के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष अब्दुल कलाम ने अखिलेश यादव को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और मेहनत से संगठन को मजबूत करने में जुटा है। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जनपद की तीनों विधानसभा सीटों पर समाजवादी पार्टी जीत दर्ज कर यह जीत अखिलेश यादव को समर्पित करेगी।
इस दौरान विजय यादव एडवोकेट ने भी अखिलेश यादव को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर पार्टी को मजबूत बनाने के लिए लगातार काम करेंगे और 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटेंगे।
धनघटा से संभावित प्रत्याशी अंकिता बाबी ने भी अखिलेश यादव को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा कि वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनना तय है। उन्होंने कहा कि यदि पार्टी उन्हें धनघटा विधानसभा से प्रत्याशी बनाती है तो वह पूरी मेहनत और ईमानदारी से चुनाव लड़कर सीट जीतने का प्रयास करेंगी और अखिलेश यादव के हाथों को मजबूत करेंगी।
कार्यक्रम में मोहम्मद अहमद, विनोद यादव, पूर्व विधायक गोरखपुर सुनील सिंह, राम सिंह यादव, विजय यादव एडवोकेट, रामवृक्ष यादव, गामा यादव, शैलेंद्र यादव (जिला पंचायत सदस्य), सोनू यादव, राहुल यादव, शकुंतला यादव, प्रिया पाठक, कोषाध्यक्ष विपिन राय सहित समाजवादी पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।