स्वo शरद त्रिपाठी की पुण्यतिथि पर उमड़ा जनसैलाब, मगहर में गूंजा श्रद्धांजलि का स्वर
पूर्व विधायक जय चौबे बोले— जनसेवा, सादगी और विकास के पर्याय थे शरद त्रिपाठी
संतकबीरनगर। जनपद के पूर्व सांसद एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय शरद त्रिपाठी की पांचवीं पुण्यतिथि पर मंगलवार को मगहर स्थित कबीर ऑडिटोरियम श्रद्धा और भावनाओं का केंद्र बन गया। आयोजित श्रद्धांजलि सभा में जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और हजारों की संख्या में पहुंचे लोगों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में खलीलाबाद सदर विधानसभा के पूर्व विधायक दिग्विजय नारायण उर्फ ‘जय चौबे’ अपने समर्थकों के साथ पहुंचे। उन्होंने स्वर्गीय शरद त्रिपाठी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी दिवंगत सांसद को नमन किया।सभा को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक जय चौबे ने कहा कि स्वर्गीय शरद त्रिपाठी केवल एक जनप्रतिनिधि नहीं, बल्कि जनता की आशाओं और विश्वास के प्रतीक थे। उन्होंने अपने संसदीय कार्यकाल में संतकबीरनगर के विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर कार्य किया। उनकी सादगी, सहजता और जनसेवा के प्रति समर्पण ने उन्हें जनता के दिलों में अमर बना दिया।उन्होंने कहा कि स्वर्गीय शरद त्रिपाठी के विचार, आदर्श और सेवा भावना आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बने रहेंगे। विकास को लेकर उनकी दूरदर्शी सोच और समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की प्रतिबद्धता हमेशा याद की जाएगी।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी स्वर्गीय शरद त्रिपाठी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उनके जनसेवा के कार्यों को नमन किया। वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने राजनीति को सत्ता नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम माना और सदैव जनता के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा उनके बताए आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। पूरा कबीर ऑडिटोरियम श्रद्धा, सम्मान और भावनाओं से ओत-प्रोत दिखाई दिया।