फिरोजाबाद पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने अपने आवास पर सुनीं जनता की शिकायतें, निस्तारण के दिए निर्देश
उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने रविवार को सुबह 10 बजे अपने निज निवास सिरसागंज पर जनता दर्शन कार्यक्रम लगाया।
जनता दर्शन के दौरान मंत्री ने जनपद और गैर जनपद से आए फरियादियों की शिकायतों को एक-एक कर सुना। मौके पर मौजूद जिला स्तरीय अधिकारियों को शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। कई प्रकरणों में उन्होंने संबंधित अधिकारियों से सीधे फोन पर बात कर शिकायतों का निस्तारण कराया।
जनसुनवाई में सबसे ज्यादा शिकायतें भूमि विवाद, अतिक्रमण और कब्जा मुक्ति को लेकर आईं। इस पर मंत्री ने जिलाधिकारी के माध्यम से उपजिलाधिकारी सिरसागंज और सीओ सिरसागंज को निर्देश दिया कि शनिवार को आयोजित होने वाले थाना दिवस पर भूमि विवाद के मामलों में पुलिस और राजस्व की संयुक्त टीम मौके पर भेजकर जांच कर निस्तारण किया जाए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनता की समस्याओं को लेकर गंभीर है, इसलिए अधिकारी स्थानीय स्तर पर शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें। निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता को भी अवगत कराया जाए।
जनसुनवाई में भूमि, बिजली, पानी, राशन कार्ड, विद्युत बिल, आवास योजना, आधार कार्ड, अतिक्रमण और पुलिस से जुड़ी शिकायतें आईं। मंत्री ने स्पष्ट किया कि यदि शिकायत का निस्तारण नहीं हुआ और शिकायतकर्ता दोबारा आता है तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
#Firozabad #Sirsaganj #JaiveerSingh #TourismMinister #JantaDarshan #UPNews #FirozabadNews #ViralNews #DDMNews