कचहरी के चक्कर से थक गए हैं? अल्मोड़ा आइए, यहां लगती है न्याय के देवता गोल्ज्यू महाराज की अनोखी अदालत!
न वकील की जरूरत, न तारीखों का इंतजार… चिट्ठी और स्टांप पेपर पर फरियाद लिखकर न्याय के देवता के दरबार में अर्जी लगाते हैं श्रद्धालु, मन्नत पूरी होने पर घंटियां चढ़ाकर जताते हैं आभार।
अल्मोड़ा। उत्तराखंड की देवभूमि में आस्था और लोकमान्यताओं का अनूठा संगम देखने को मिलता है। यहां एक ऐसा मंदिर भी है, जहां न्याय की उम्मीद लेकर दूर-दराज से सैकड़ों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। अल्मोड़ा से करीब सात किलोमीटर दूर स्थित न्याय के देवता भगवान गोल्ज्यू महाराज के मंदिर में भक्त अपनी फरियाद लेकर पहुंचते हैं। मान्यता है कि गोल्ज्यू महाराज के दरबार में किसी के साथ अन्याय नहीं होता और सच्चे मन से लगाई गई अर्जी पर न्याय अवश्य मिलता है।
इस मंदिर की सबसे खास परंपरा यहां लगने वाली अनोखी अर्जियों की है। अपनी समस्याओं, विवादों और मनोकामनाओं को लेकर आने वाले श्रद्धालु सादे कागज, चिट्ठी अथवा स्टांप पेपर पर अपनी फरियाद लिखकर मंदिर परिसर में टांग देते हैं। लोगों की मान्यता है कि न्याय के देवता गोल्ज्यू महाराज उनकी पुकार सुनते हैं और उन्हें न्याय दिलाते हैं। यही वजह है कि इस मंदिर को लोक आस्था में न्याय की अदालत के रूप में भी पहचान मिली हुई है।
यहां की एक और अनूठी परंपरा श्रद्धालुओं की मनोकामना पूरी होने पर घंटियां चढ़ाने की है। भक्त अपनी मुराद पूरी होने पर तांबे, पीतल और अन्य धातुओं की घंटियां अर्पित करते हैं। इसी परंपरा के चलते मंदिर परिसर में हजारों की संख्या में घंटियां दिखाई देती हैं, जो इस धार्मिक स्थल की विशिष्ट पहचान बन चुकी हैं।
अदालतों में न्याय पाने के लिए वर्षों तक तारीखों का इंतजार करने वाले लोगों के बीच गोल्ज्यू महाराज के प्रति यह आस्था और विश्वास विशेष महत्व रखता है। हालांकि यह धार्मिक मान्यता और लोकविश्वास का विषय है, लेकिन श्रद्धालुओं की अटूट आस्था इस मंदिर को उत्तराखंड के प्रमुख धार्मिक स्थलों में अलग पहचान दिलाती है।
देवभूमि उत्तराखंड में स्थित यह दरबार केवल पूजा-अर्चना का स्थल नहीं, बल्कि उन लोगों की उम्मीदों और विश्वास का केंद्र भी है, जो न्याय के लिए न्याय के देवता गोल्ज्यू महाराज की शरण में पहुंचते हैं।
#गोल्ज्यू_महाराज #न्याय_के_देवता #अल्मोड़ा #उत्तराखंड #देवभूमि #आस्था_और_विश्वास #उत्तराखंड_की_संस्कृति #Uttarakhand