Bihar news : भारत-नेपाल सीमा पर स्थित विवादित सुस्ता क्षेत्र एक बार फिर सुर्खियों में है। विवादित जमीन पर निर्माण कार्य को लेकर सीमा क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। निर्माण कार्य रोकने पहुंची सशस्त्र सीमा बल की टीम का नेपाल के सुस्ता गांव के ग्रामीणों ने विरोध किया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामले में SSB ने वाल्मीकिनगर थाने में आवेदन देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आवेदन के आधार पर कांड संख्या दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। SSB रामपुरवा जी कंपनी के सहायक कमांडेंट द्वारा वाल्मीकिनगर थाना प्रभारी को भेजे गए आवेदन के अनुसार, 2 अगस्त 2026 की सुबह करीब 11:40 बजे विवादित क्षेत्र में निर्माण कार्य होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही SSB की गश्ती टीम मौके पर पहुंची। SSB के अनुसार, दोनों देशों के बीच पूर्व से लागू यथास्थिति (स्टेटस-क्वो) का हवाला देते हुए निर्माण कार्य रोकने का प्रयास किया गया। इसी दौरान नेपाल के सुस्ता गांव से करीब 150 से 200 ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और निर्माण कार्य रोकने की कार्रवाई का विरोध करने लगे। कुछ समय के लिए सीमा क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बन गया। हालांकि SSB के जवानों ने संयम बरतते हुए स्थिति को नियंत्रित रखा और कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।
SSB का कहना है कि विवादित सीमा क्षेत्र में पहले से यथास्थिति बनाए रखने के स्पष्ट निर्देश हैं। इसके बावजूद निर्माण कार्य और विरोध प्रदर्शन से सीमा क्षेत्र की शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है। इसी आधार पर वाल्मीकिनगर थाने में आवेदन देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।वाल्मीकिनगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि SSB से प्राप्त आवेदन के आधार पर कांड संख्या दर्ज कर लिया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल सीमा क्षेत्र में स्थिति सामान्य और नियंत्रण में है।
घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों द्वारा बनाया गया वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में SSB के जवान और नेपाल पुलिस और नेपाली बड़ी संख्या में मौजूद ग्रामीण दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं की गई है।#IndiaNepalBorder #SustaDispute #Valmikinagar #WestChamparan #SSB #BorderSecurity #BiharNews #BreakingNews #BorderTension #Nepal #India #ViralVideo #LawAndOrder #BorderIssue #LatestNews
Bettiah, West Champaran | Aug 7, 2026