गुरु सेवा से ही सार्थक होती है भक्ति और आध्यात्मिक साधना : स्वामी गुरुज्ञानानंद जी
जगाधरी। हनुमान गेट स्थित दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान आश्रम में साप्ताहिक सत्संग का आयोजन किया गया, जिसके दौरान परम पूजनीय दिव्य गुरु आशुतोष महाराज जी के शिष्य स्वामी गुरु ज्ञानानंद जी ने अपनी ओजस्वी वाणी के द्वारा भक्ति मार्ग से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण आध्यात्मिक सूत्रों का उद्घाटन किया। स्वामी जी ने अपने प्रवचनों में गुरु सेवा के महत्त्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु सेवा केवल बाहरी रूप से की जाने वाली सेवा अथवा किसी कार्य विशेष तक सीमित नहीं है, अपितु यह शिष्य के भीतर समर्पण, श्रद्धा, विनम्रता और अहंकार के त्याग की भावना को जागृत करने का माध्यम है। वास्तविक गुरु सेवा वही है, जिसमें शिष्य अपने मन, वचन और कर्म को गुरु के महान आदर्शों के अनुरूप ढालने का प्रयास करता है। उन्होंने कहा कि मानव जीवन का परम उद्देश्य आत्मिक जागृति एवं परमात्मा की अनुभूति है। यह अनुभूति केवल पुस्तकीय ज्ञान अथवा बाहरी क्रियाओं से संभव नहीं, बल्कि पूर्ण सतगुरु की कृपा से प्राप्त ब्रह्म ज्ञान के माध्यम से ही मनुष्य अपने वास्तविक स्वरूप को जान सकता है। ब्रह्म ज्ञान वह दिव्य दृष्टि है, जो मनुष्य को उसके भीतर विद्यमान परमात्मा के साक्षात्कार का मार्ग प्रशस्त करती है। स्वामी जी ने गुरु शिष्य संबंध की पवित्रता को स्पष्ट करते हुए कहा कि एक ब्रह्मनिष्ठ संत शिष्य को कदापि अपनी निजी सेवा में नहीं लगाते अपितु वे अपने शिष्य के पुरुषार्थ, योग्यता और सामर्थ्य को सम्पूर्ण समाज के उत्थान एवं जन कल्याण के लिए समर्पित कर देते हैं। एक सच्चा शिष्य वही है, जो गुरु के प्रति निष्कपट भाव से समर्पित रहता है और उनके द्वारा प्रदान किए गए ज्ञान को अपने जीवन में धारण करता है। उन्होंने आगे समझाया कि गुरु सेवा के माध्यम से शिष्य के भीतर का अहंकार, स्वार्थ और कर्तापन धीरे-धीरे समाप्त होता है। जब मनुष्य अपने व्यक्तिगत विचारों और मान्यताओं के बंधनों से ऊपर उठकर गुरु के मार्गदर्शन को स्वीकार करता है, तभी उसके जीवन में वास्तविक आध्यात्मिक परिवर्तन का आरंभ होता है। गुरु की सेवा वस्तुतः स्वयं के भीतर छिपे विकारों को समाप्त कर आत्मिक उन्नति की दिशा में आगे बढ़ने का एक सशक्त माध्यम है।स्वामी जी ने समस्त भक्तजनों एवं साधकों को प्रेरित किया कि वे ब्रह्म ज्ञान की महत्ता को समझते हुए गुरु भक्ति, सेवा, समर्पण और संयम को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाएँ, क्योंकि बाहरी जीवन की सफलता के साथ-साथ आंतरिक शांति एवं आत्मिक आनंद की प्राप्ति भी उतनी ही आवश्यक है। विश्व शांति की प्रार्थना हेतु सामूहिक ध्यान साधना के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
Ambala, Ambala | Nov 22, 2026