भूपालसागर में आगामी चुनावों की तैयारियों की समीक्षा, एसडीएम ने मतदान केंद्रों के निरीक्षण के दिए निर्देश।
दैनिक वीरधरा राजस्थान।
भूपालसागर। आगामी पंचायती राज चुनावों को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में एसडीएम कार्यालय भूपालसागर में चुनावी तैयारियों एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा को लेकर बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता उपखंड अधिकारी बुजेन्द्र मीणा ने की।
बैठक में क्षेत्र के सभी जोनल मजिस्ट्रेट, आकोला थाना अधिकारी श्याम विश्नोई एवं भूपालसागर थाना अधिकारी रणजीत सिंह सहित प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान एसडीएम ने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के मतदान केंद्रों का निरीक्षण करने तथा वहां बिजली, पानी, रैंप एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं पुलिस अधिकारियों को क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बरतने तथा असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही अवैध गतिविधियों पर रोकथाम, शराब एवं नकदी के परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए नाकेबंदी बढ़ाने और नियमित निगरानी रखने पर जोर दिया गया।
बैठक के अंत में एसडीएम बुजेन्द्र मीणा ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करवाना प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।