Public App Logo
Profile Picture

दैनीक वीरधरा राजस्थान

@omjain1211
396539Followers
144Following
भारत कोई बनाना रिपब्लिक नहीं है', विरोध प्रदर्शनों पर कार्रवाई के बीच बीजेपी का कांग्रेस और CJP पर हमला।

दैनिक वीरधरा राजस्थान

नई दिल्ली। दिल्ली में कथित चुनावी धांधली और स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (SIR) के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी और विपक्षी दलों के प्रदर्शनों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई के बाद भारतीय जनता पार्टी ने इसे जनता की जीत करार दिया है।
     बीजेपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सीजेपी और विपक्षी दलों पर निशाना साधा है। प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री और बीजेपी प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने विपक्षी दलों और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला और कहा कि देश में अराजकता फैलाने की कोशिशों को भारतीय लोकतंत्र ने पूरी तरह नाकाम कर दिया है।
ढाबे पर मारपीट के बाद युवक ने उपचार के दौरान उदयपुर में तोड़ा दम

चन्देरिया में आक्रोश, बाजार बंद कर धरना प्रदर्शन किया जाम लगाया।

दैनिक वीरधरा राजस्थान।

चित्तौड़गढ़।चंदेरिया क्षेत्र में ढाबे पर हुए विवाद में घायल युवक की मौत के बाद शनिवार को तनाव फैल गया। इलाज के दौरान उदयपुर के अस्पताल में युवक ने दम तोड़ दिया, जिसके बाद आक्रोशित परिजनों और समाज के लोगों ने चंदेरिया बाजार बंद कराकर मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। शनिवार दोपहर तक सैकड़ों महिला-पुरुष मुख्य बाजार में धरने पर बैठे रहे।
   प्रदर्शन की सूचना पर ग्रामीण डीएसपी दिनेश सुखवाल, तहसीलदार और पुलिस जाप्ता मौके पर पहुंचा और कीर समाज के लोगों से वार्ता कर समझाइश का प्रयास किया। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।
    ग्रामीण डीएसपी दिनेश सुखवाल ने बताया कि चंदेरिया के रोलाहेड़ा रोड स्थित एक भोजनालय पर गुरुवार रात कुछ लोग खाना खा रहे थे। इस दौरान चंदेरिया निवासी प्रभुलाल पुत्र शंकरलाल कीर भी वहां मौजूद था। बातों-बातों में विवाद हो गया और कहासुनी मारपीट में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार प्रभुलाल बीच-बचाव करने पहुंचा था। इसी दौरान किसी ने लकड़ी से प्रभुलाल के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद उसे सांवलिया चिकित्सालय लाया गया, जहां से गंभीर हालत में उदयपुर रेफर कर दिया गया। उदयपुर के महाराणा भूपाल चिकित्सालय में शुक्रवार देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। रात में मौत की सूचना मिलने के बाद बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी और कीर समाज के लोग एकत्र हो गए। शनिवार सुबह से ही आक्रोशित लोगों ने चंदेरिया कस्बा बंद कराकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
CJP नेताओ को छोड़कर बाकी सभी को रिहा किया,

दिल्ली मेट्रो के सभी स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार खोले।

दैनिक वीरधरा राजस्थान।

नई दिल्ली।राजधानी दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी के प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर की गई सुरक्षा सख्ती के बाद अब हालात सामान्य होने की ओर बढ़ रहे हैं। दिल्ली पुलिस ने हिरासत केंद्रों में रखे गए लोगों में से CJP नेताओं को छोड़कर अन्य सभी को रिहा कर दिया है।
   पुलिस सूत्रों के मुताबिक, CJP नेताओं के मामले में नियमानुसार कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी। वहीं, दिल्ली मेट्रो के सभी स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार खोल दिए गए हैं। सभी संबंधित स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा भी बहाल कर दी गई है।
कनॉट प्लेस में पुलिस के समर्थन ओर सीजेपी के खिलाफ उतरे युवा।

दैनिक वीरधरा राजस्थान।

नई दिल्ली।सीजेपी द्वारा मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ शनिवार को प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन के बीच दिल्ली के कनॉट प्लेस में कुछ अलग नजारा दिखा।
   कनॉट प्लेस के पास कुछ ऐसे युवा भी नजर आए जो पुलिस के समर्थन में नारे लगा रहे थे। हालांकि युवाओं ने स्पष्ट किया किसी राजनीतिक दल के समर्थक नहीं है। बस वह पुलिस का समर्थन करने आए है।  
  युवा सीजेपी के विरोध में नारे लगा रहे थे जबकि कुछ पुलिस के समर्थन में नारे लगा रहे थे। वहीं,उनके पास पीएम मोदी के समर्थन वाले पोस्टर भी थे। वहीं, कुछ में ईवीएम को सही ठहराने वाले पोस्टर भी थे।
   शनिवार को दिल्ली में हुए प्रदर्शन में लगभग हजारों प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया। इस दौरान विरक्षी पार्टी के कई नेता भी प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे।
भदेसर में 70वीं जिला स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में दल प्रभारी अनुपस्थित पाए, कारण बताओ नोटिस जारी।

दैनिक वीरधरा राजस्थान

भदेसर। श्री माणिक्य लाल वर्मा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में 70वीं जिला स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता चल रही है। इसमें 14 दल प्रभारी खिलाड़ियों को आवास स्थल पर अकेला छोड़कर अपने घर चले गए। शिक्षा विभाग ने इसे लापरवाही मानते हुए कार्रवाई की है।
   संस्था प्रधान शंभू लाल मेनारिया ने ग्रामीणों की शिकायत पर जनप्रतिनिधियों के सानिध्य में आवास स्थलों का निरीक्षण किया। इसमें 14 दल प्रभारी अनुपस्थित मिले, जो खिलाड़ियों को अकेला छोड़कर गए थे। उन्होंने इसकी सूचना जिला शिक्षा अधिकारी घनश्याम गौड़ और मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी गोवर्धन लाल देवत को दी।
   मामले की गंभीरता को देख ब्लॉक शिक्षा अधिकारी के निर्देश पर अतिरिक्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सत्यनारायण गर्ग ने सभी अनुपस्थित दल प्रभारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया। निर्देश दिए गए हैं कि लिखित जवाब आने तक उन्हें रिलीव न किया जाए और न ही ऑन ड्यूटी माना जाए। प्रतियोगिता का समापन 12 अक्टूबर को होगा।
ऑपरेशन डिकाय के तहत रीको औद्योगिक क्षेत्र में छापा, 1228 बैग खाद सीज, फर्म संचालक के खिलाफ मामला दर्ज। 

दैनिक वीरधरा राजस्थान।। श्रद्धा ओम त्रिवेदी।

सवाई माधोपुर। रबी सीजन में किसानों को उचित दर पर उर्वरक उपलब्ध कराने तथा कालाबाजारी एवं अवैध भंडारण पर अंकुश लगाने के लिए कृषि विभाग ने गंगापुर सिटी के रीको औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार को कार्रवाई की। कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीना के नेतृत्व में चलाए जा रहे ऑपरेशन डिकॉय के तहत प्रेम धर्म कांटे के पास स्थित बालाजी एग्रो एजेंसी से संबंधित गोदाम की जांच कर 1228 बैग उर्वरक सीज किए गए। मामले में फर्म के प्रोपराइटर राजेन्द्र गुप्ता के विरुद्ध कृषि अधिकारी अंकित खण्डेलवाल ने एफआईआर दर्ज करवाई है।
पंचायती राज चुनाव को लेकर संभावित प्रत्याशियों की प्रबोधन कार्यशाला आयोजित। 

दैनिक वीरधरा राजस्थान। श्री श्रद्धा ओम त्रिवेदी।

सवाई माधोपुर। राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान, जयपुर के निर्देशानुसार पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर काना राम के निर्देशन में शनिवार को जिले की सभी पंचायत समितियों में जिला परिषद , पंचायत समिति सदस्य, पंच एवं सरपंच पदों के संभावित प्रत्याशियों के लिए प्रबोधन कार्यशालाएं आयोजित की गईं। सवाई माधोपुर में जिला परिषद सभागार, मलारना डूंगर में भारत निर्माण सेवा केन्द्र तथा वजीरपुर में उपखंड अधिकारी कार्यालय सहित अन्य पंचायत समिति मुख्यालयों पर कार्यशालाओं के माध्यम से संभावित प्रत्याशियों को निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
   कार्यशालाओं में जिला स्तरीय प्रशिक्षकों एवं संबंधित अधिकारियों ने पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से नाम निर्देशन पत्र भरने, आवश्यक दस्तावेज संलग्न करने, नामांकन पत्रों की संवीक्षा, नाम वापसी तथा निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान निर्धारित नियमों की पालना के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही संभावित प्रत्याशियों की शंकाओं का समाधान भी किया गया।
    कार्यशाला में बताया गया कि नामांकन पत्र सार्वजनिक सूचना जारी होने के दिन से निर्धारित अंतिम तिथि तक प्रस्तुत किए जा सकते हैं, बशर्ते संबंधित दिन सार्वजनिक अवकाश न हो। पंचायत समिति सदस्य पद के लिए अभ्यर्थी संबंधित पंचायत समिति के किसी भी निर्वाचन क्षेत्र का मतदाता होना चाहिए, जबकि जिला परिषद सदस्य पद के लिए संबंधित जिला परिषद के किसी भी निर्वाचन क्षेत्र का मतदाता होना आवश्यक है।
    नामांकन पत्र पर अभ्यर्थी एवं प्रस्तावक के हस्ताक्षर अनिवार्य हैं। प्रस्तावक उसी निर्वाचन क्षेत्र का मतदाता होना चाहिए। मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल द्वारा स्थापित अभ्यर्थी के लिए एक प्रस्तावक तथा अन्य अभ्यर्थियों के लिए पांच प्रस्तावक आवश्यक बताए गए। एक प्रस्तावक एक से अधिक अभ्यर्थियों का नामांकन प्रस्तावित नहीं कर सकता। आरक्षित निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ने वाले अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों को निर्धारित श्रेणी का सक्षम अधिकारी द्वारा जारी प्रमाण-पत्र भी संलग्न करना होगा।
     इस दौरान संबंधित रिटर्निंग अधिकारी, निर्वाचन कार्मिक, प्रशिक्षक, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं संभावित प्रत्याशी उपस्थित रहे।
चित्तौड़गढ़ दुर्ग पर पर्यटकों को परेशान करने वाले 6 लपके गिरफ्तार

क्यूआरटी, किला चौकी एवं कोतवाली चित्तौड़गढ़ की स्पेशल टीम ने की संयुक्त कार्रवाई।

दैनिक वीरधरा राजस्थान।

चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ दुर्ग पर आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा, सुविधा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से चित्तौड़गढ़ जिला पुलिस द्वारा प्रभावी कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देशानुसार क्यूआरटी, किला चौकी तथा कोतवाली चित्तौड़गढ़ की स्पेशल टीम द्वारा संयुक्त कार्रवाई करते हुए दुर्ग क्षेत्र में सक्रिय 6 लपकों को गिरफ्तार किया गया।
  जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि चित्तौड़गढ़ दुर्ग एक प्रमुख ऐतिहासिक एवं पर्यटन स्थल है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में देशी-विदेशी पर्यटक भ्रमण के लिए आते हैं। पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो तथा पर्यटन स्थल पर सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनी रहे, इसके लिए जिला पुलिस द्वारा विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
   इसी क्रम में पुलिस टीमों द्वारा चित्तौड़गढ़ दुर्ग क्षेत्र में निगरानी रखते हुए कार्रवाई की गई। एएसआई सत्यनारायण एवं संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 6 लपकों को गिरफ्तार किया। जिला पुलिस द्वारा पर्यटन स्थलों पर शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजन एवं पर्यटकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

गिरफ्तार आरोपी:
  शिवम भाण्ड पिता राजकुमार उम्र 19 वर्ष, निवासी जूना बाजार चितौड़गढ़, कन्हैया लाल पिता गोपाल लाल भाण्ड उम्र 23 वर्ष, निवासी सदर बाजार चितौड़गढ़, सोनू भाण्ड पिता राजू भाण्ड उम्र 22 वर्ष, निवासी सदर बाजार, चित्तौड़गढ़, सरफराज हुसैन पिता आबिद हुसैन उम्र 24 वर्ष, निवासी सिपाही मोहल्ला, जूना बाजार, चित्तौड़गढ़,  सैफिन रजा पिता जुल्फकार अली उम्र 22 वर्ष, निवासी जूना बाजार, चित्तौड़गढ़ ओर राजेन्द्र पिता बुरा  वैष्णव उम्र 50 वर्ष, निवासी बजरंग चौक, चित्तौड़गढ़।
युवक की संदिग्ध मौत, शव और ठेकेदार का इंतजार करते रहे परिजन

सड़ास थाने के बाहर सड़क पर धरने पर बैठे ग्रामीण, ठेकेदार पर लगाए गंभीर आरोप।

दैनिक वीरधरा राजस्थान।

गंगरार। बिहार में आइसक्रीम की लारी पर मजदूरी करने गए कोजुन्दा गांव के 28 वर्षीय युवक उदयलाल सालवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवक का शव मिलने की सूचना के बाद परिजन और समाजजन शनिवार को अंतिम संस्कार की तैयारी कर शव के गांव पहुंचने का इंतजार करते रहे, लेकिन देर शाम तक न तो शव पहुंचा और न ही कथित ठेकेदार गांव पहुंचा। इससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने पहले उपखंड अधिकारी नेहा मिश्रा को घटनाक्रम से अवगत कराया और फिर सड़ास थाने पहुंचकर निष्पक्ष जांच तथा जल्द कार्रवाई की मांग की।
   ग्रामीणों के अनुसार, वे युवक की मौत की सूचना मिलने के बाद बड़ी संख्या में साड़ास थाने पहुंचे थे। ग्रामीणों का आरोप है कि वहां पहुंचने पर थाना अधिकारी ने उन्हें थाने के अंदर आने देने के बजाय बाहर ही रहने को कहा। इससे नाराज ग्रामीण थाने के बाहर सड़क पर बैठ गए और नारेबाजी करने लगे। ग्रामीणों और पुलिस प्रशासन के बीच बातचीत का दौर भी चला, लेकिन ग्रामीण युवक की मौत की तत्काल जांच और शव की स्थिति स्पष्ट करने की मांग पर अड़े रहे। भीड़ बढ़ने पर थाना अधिकारी ने उच्च अधिकारियों को घटनाक्रम की जानकारी दी।
     मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने उपखंड मुख्यालय पहुंचकर एसडीएम नेहा मिश्रा के समक्ष अपनी पीड़ा रखी। इसके बाद सड़ास थाने पहुंचकर कार्रवाई की मांग की गई।
     कुछ ग्रामीण जिला मुख्यालय पहुंचकर जिला पुलिस अधीक्षक को भी घटनाक्रम से अवगत कराने और निष्पक्ष जांच की मांग करने पहुंचे। 
   मौके पर पहुंचीं तहसीलदार रजनी चौधरी ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासन इस दुखद घड़ी में उनके साथ खड़ा है और हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
   समाचार लिखे जाने तक साड़ास के बाहर बड़ी तादात में ग्रामीण लोग एवं समाज के लोग धरने पर बैठे रहे वहीं परिजनों को युवक के शव का इंतजार है।
पंजाब के राज्यपाल कटारिया आक्या पहुंचे, दिवंगत विधायक पिता को दी श्रदांजलि।

दैनिक वीरधरा राजस्थान।

चित्तौड़गढ़। विधायक चंद्रभान सिंह आक्या के पिता राम सिंह आक्या के निधन पर शोक व्यक्त करने शनिवार को पंजाब के गवर्नर गुलाबचंद कटारिया शनिवार सायंकाल ग्राम आक्या पहुंचे। 
   वहां उन्होंने दिवंगत राम सिंह आक्या की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने विधायक चंद्रभान सिंह आक्या को उनके पिता के निधन पर सांत्वना देते हुए ढाढ़स बंधाया।
"तुमने वोट नहीं दिया रोड-लाइट नही लगेगी" कहने वाले सरपंच को जनता ने दिखाया आईना, वोट मांगने पहुंचा तो झेलना पड़ा भारी विरोध 

शंभूपुरा गांव को 7 साल तक विकास से वंचित रखने का आरोप, शंभूपुरा में पूर्व सरपंच अजय चौधरी का ग्रामीणों ने किया विरोध

दैनिक वीरधरा राजस्थान।

शंभूपुरा। कहते हैं राजनीति में जनता सब याद रखती है। कुछ ऐसा ही नजारा शंभूपुरा पंचायत में देखने को मिला। जब पूर्व सरपंच अजय चौधरी 7 साल बाद फिर से सरपंच उम्मीदवार के तौर पर वोट मांगने पहुंचा, तो ग्रामीणों ने कड़ा विरोध उन्हें बैरंग लौटा दिया, जिसका एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
    ग्रामीणों का आरोप है कि 7 साल पूर्व अजय चौधरी ने सरपंच बनते ही शंभूपुरा गांव के उन परिवारों और मोहल्लों से भेदभाव शुरू कर दिया था, जिन्होंने उन्हें वोट नहीं दिया था ओर चुनाव में साथ मे नही थे। ग्रामीणों ने बताया कि सरपंच बनते ही अजय चौधरी ने खुलेआम कहा था "तुमने मुझे वोट नहीं दिया, तुम्हारे इधर रोड लाइट क्यों बनाऊं।"
   इसी सोच के चलते पिछले 7 साल तक पंचायत के कई हिस्सों में रोड, लाइट और सड़क, नाली जैसे बुनियादी विकास कार्य नहीं करवाए गए। जनता ने उस समय तो चुप्पी साध ली, लेकिन बात दिल में रख ली।
  अब जब पंचायत चुनाव नजदीक हैं और अजय चौधरी फिर से सरपंच उम्मीदवार बनकर उसी क्षेत्र में वोट मांगने पहुंचे, तो लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने उन्हीं के शब्दों को दोहराते हुए कहा - "जब आपने हमारे वोट न देने पर हमारा विकास रोक दिया था, तो अब हम आपको वोट क्यों दें?"
  विरोध बढ़ता देख अजय चौधरी को वहां से तुरन्त लौटना पड़ा। इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
   ग्रामीणों का कहना है कि सरपंच पूरे गांव का होता है, सिर्फ अपने वोटरों का नहीं। जिसने भेदभाव किया, उसे जनता इस बार सबक सिखाएगी।
    फिलहाल इस घटना के बाद पंचायत की सियासत गरमा गई है।
मानव तस्करी विरोधी यूनिट चित्तौड़गढ़ की कार्रवाई

दो माह से गुमशुदा दो नाबालिग सगे भाइयों को तलाश कर माता-पिता से मिलवाया।

दैनिक वीरधरा राजस्थान।

चित्तौड़गढ़। गुजरात के जामनगर रेलवे स्टेशन पर लावारिस अवस्था में मिले थे दोनों नाबालिग बालक, जामनगर पुलिस एवं बाल गृह संस्था के सहयोग से मानव तस्करी यूनिट चित्तौड़गढ़ की टीम ने शुरू की परिजनों की तलाश।  रेलवे स्टेशन, ओछड़ी, प्रतापनगर, प्राइवेट बस स्टैंड, डंपिंग यार्ड सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में तलाश एवं पूछताछ कर दोनों बालकों के माता-पिता का पता लगाया तथा कांकरोली (राजसमंद) के  दोनों भाइयों को उनके माता-पिता से मिलवाया।
     मानव तस्करी विरोधी यूनिट चित्तौड़गढ़ प्रभारी पुलिस निरीक्षक सुनीता गुर्जर ने बताया कि 09 अगस्त 2026 को दो नाबालिक बालक रेलवे स्टेशन हापा जामनगर गुजरात पर लावारिस घूमते हुए मिले जिनको स्थानीय पुलिस के सहयोग से बाल गृह संस्था जामनगर गुजरात में आश्रय दिलाया गया। तभी से बाल गृह संस्था द्वारा दोनों बच्चों के माता-पिता की तलाश की जा रही थी। बच्चों से मिली जानकारी के अनुसार दोनों बच्चों ने आपस में सगे भाई होना व चित्तौड़गढ़ रेलवे स्टेशन के पास अपने माता-पिता के साथ झोपड़ी में रहना वह माता-पिता व उनके द्वारा खाली बोतले व व कबाड इकट्ठा करने का कार्य करना बताया। बाल गृह संस्था जामनगर गुजरात द्वारा जिला पुलिस अधीक्षक चित्तौड़गढ़ धर्मेंद्र सिंह से संपर्क कर उक्त दोनों बच्चों के माता-पिता की चित्तौड़गढ़ में तलाश करने हेतु सहयोग बाबत निवेदन किया गया। जिस पर पुलिस अधीक्षक चित्तौड़गढ़ के निर्देशानुसार मानव तस्करी यूनिट चित्तौड़गढ़ की प्रभारी  सुनीता गुर्जर, एएसआई नटवर पटवा, महिला कांस्टेबल सुशीला कुंवर की टीम व बाल गृह संस्था जामनगर एवं जामनगर पुलिस के साथ चित्तौड़गढ़ रेलवे स्टेशन, ओछडी, प्रताप नगर, प्राइवेट बस स्टैंड, डंपिंग यार्ड एवं चित्तौड़गढ़ शहर के अन्य इलाकों में दोनों बच्चों के परिजनों की सरगर्मी से तलाश की गई। रेलवे स्टेशन के आसपास झोपड़ा बनाकर निवास करने वाले लोगों एवं कबाड इकट्ठा करने वाले व्यक्तियों से पूछताछ की गई लोगों को दोनों बच्चों के फोटो व माता-पिता का नाम बताया जाकर जानकारी की गई तो दोनों बच्चों के माता-पिता के कांकरोली जिला राजसमंद में होने की जानकारी मिली। जिस पर कांकरोली जिला राजसमंद से दोनों बच्चों के माता-पिता की तलाश कर बच्चों को उनके माता-पिता से मिलवाया गया। दोनों बच्चे अपने माता-पिता से मिलकर खुशी से झूम उठे बाल गृह संस्था जामनगर व जामनगर गुजरात पुलिस द्वारा 2 माह से गुमशुदा नाबालिक बच्चों को उनके माता-पिता से मिलवाने में सहयोग देने हेतु पुलिस अधीक्षक चित्तौड़गढ़ एवं मानव तस्करी यूनिट चित्तौड़गढ़ की प्रशंसा कर धन्यवाद व आभार व्यक्त किया गया।
चित्तौड़ जिले में जिला परिषद के 35 एवं पंचायत समिति के 199 वार्डों सहित 359 ग्राम पंचायतों में निर्वाचन की तैयारियां जारी

दैनिक वीरधरा राजस्थान।

चित्तौड़गढ़। पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 की तैयारियों की समीक्षा के लिए राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से प्रदेश के संभागीय आयुक्तों एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
   वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने चित्तौड़गढ़ जिले में निर्वाचन की तैयारियों एवं विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी प्रस्तुत की।
    राज्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 में 10,245 पदों के लिए निर्वाचन संपन्न कराया गया था, जबकि पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 में लगभग 1.55 लाख पदों के लिए निर्वाचन होना है। निर्वाचन के व्यापक दायरे को देखते हुए सभी जिला निर्वाचन अधिकारी अतिरिक्त सतर्कता एवं बेहतर समन्वय के साथ कार्य करें तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समयावधि में पूर्ण करना सुनिश्चित करें।
    उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित प्रत्येक कार्य की समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर नियमित समीक्षा की जाए, ताकि चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराए जा सकें।
   जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू ने बताया कि चित्तौड़गढ़ जिले में जिला परिषद के 35 वार्डों, पंचायत समितियों के 199 वार्डों तथा 359 ग्राम पंचायतों के 3159 वार्डों में निर्वाचन प्रस्तावित है। जिले में 1131 मतदान केंद्रों के अतिरिक्त दो सहायक मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें एक कपासन तथा दूसरा चित्तौड़गढ़ में स्थित है। इस प्रकार जिले में कुल 1133 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
भीमलत कुंड पर हुआ दुर्ग के बलिदानियों का तर्पण, उमड़ा आस्था का सैलाब

श्रद्धालुओं ने पितरों के साथ चित्तौड़ दुर्ग के अमर बलिदानियों को किया तर्पण।

दैनिक वीरधरा राजस्थान।

चित्तौड़गढ़। शौर्य, त्याग और बलिदान की अमर गाथाओं से विश्वविख्यात चित्तौड़गढ़ की ऐतिहासिक धरती सर्व पितृ अमावस्या पर श्रद्धा, आस्था और कृतज्ञता के भावों से अभिसिंचित हो उठी। ऐतिहासिक चित्तौड़ दुर्ग स्थित भीमलत कुंड पर चित्तौड़गढ़ गौरव तीर्थ प्रन्यास एवं ॐ तत्सत् पारमार्थिक संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सामूहिक पितृ तर्पण कार्यक्रम में सेकड़ो श्रद्धालुओं ने अपने पितरों के साथ दुर्ग के अमर बलिदानियों को भी तर्पण अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।
   संत-महात्माओं के पावन सान्निध्य, वैदिक मंत्रोच्चार और 108 कुंडीय हवन से संपूर्ण परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा एवं सांस्कृतिक चेतना से ओतप्रोत हो उठा।
   इस अवसर पर पूज्य दिग्विजय राम जी रामद्वारा, चित्तौड़गढ़, पूज्य संत विनोद यति जी महाराज यति जी उपासरा, महंत श्री जगन्नाथ भारती जी नीलकंठ महादेव मंदिर, दुर्ग, चित्तौड़गढ़, पूज्य संत नारायण सिंह जी महाराज सहित अनेक संत-महात्माओं का पावन सान्निध्य प्राप्त हुआ।
    सामूहिक तर्पण, वैदिक अनुष्ठान और संतों के प्रेरणादायी सान्निध्य के साथ भीमलत कुंड पर आयोजित यह कार्यक्रम पितृ श्रद्धा, सांस्कृतिक चेतना और चित्तौड़गढ़ के अमर बलिदानियों के प्रति कृतज्ञता का प्रेरक अवसर बना।
नशा मुक्त युवा विषय पर पडोस युवा संसद कार्यक्रम आयोजित। 

दैनिक वीरधरा राजस्थान। श्री श्रद्धा ओम त्रिवेदी।

सवाई माधोपुर। मेरा युवा भारत केंद्र, सवाई माधोपुर के तत्वावधान में राजकीय महाविद्यालय गंगापुर सिटी में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के अंतर्गत पड़ोस युवा संसद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
   मुख्य अतिथि महाविद्यालय के प्राचार्य रामकेश आदिवासी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज के विकास में बाधक है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश प्रसारित करने का आह्वान किया।
   कार्यक्रम में नशे के शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों पर चर्चा की गई। इस दौरान जागरूकता वीडियो का प्रदर्शन, नारा लेखन गतिविधि तथा स्लोगन ड्रॉप बॉक्स के माध्यम से युवाओं के विचारों का संकलन किया गया।
    पड़ोस युवा संसद में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए नेहा चतुर्वेदी ने प्रथम, गौरी शर्मा ने द्वितीय तथा रामकेश बैरवा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। मुख्य अतिथि ने तीनों प्रतिभागियों को शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया।
    कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित युवाओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। उन्होंने स्वयं नशे से दूर रहने तथा परिवार एवं समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
   कार्यक्रम का समन्वय मेरा युवा भारत के स्वयंसेवक सीताराम गुर्जर एवं आकाश वैष्णव ने किया। इस अवसर पर कैलाश बैरवा, सुरेश मीणा, धर्मराज मीणा, दिनेश मीणा, मनोज सैनी, धीरज गुप्ता, राकेश दुबे एवं धर्मवीर मीणा सहित अन्य उपस्थित रहे।
रावण जन्म और उनके राक्षसों द्वारा किए अत्याचारों से अकुलाई पृथ्वी, देवताओं की आराधना पर हुआ राम जन्म।

दैनिक वीरधरा राजस्थान। श्री श्रद्धा ओम त्रिवेदी।

सवाईमाधोपुर। श्री राम कला मंडल द्वारा प्रस्तुत की जा रही शिव बगीची श्री राम कला मंडल मंच प्रांगण पर रामलीला में दूसरे दिवस रावण, कुंभकरण एवं विभीषण जन्म और उनके द्वारा ब्रह्मा जी से वरदान प्राप्त करना एवं साधु ब्राह्मणों पर अत्याचार कर पृथ्वी पर हाहाकार मचा देने के कारण पृथ्वी अकुला गई एवं ब्रह्मा जी के पास जाकर देवताओं सहित भगवान श्री विष्णु की आराधना की एवं उन्हें राक्षसों से मुक्त कराने के लिए पृथ्वी पर जन्म लेने का अनुरोध किया। भगवान राम के जन्म के लिए महाराजा दशरथ जी का गुरु वशिष्ट के पास जाना और उनके द्वारा बताए गए श्रृंगी ऋषि के यज्ञ द्वारा चारों भाइयों का जन्म लीला दिखाई गई। उसके बाद नामांकन संस्कार यज्ञो पवित्र संस्कार एवं गुरु ग्रह पढन गए रघुराई, अल्पकाल सब विद्याआई, और आखेट की लीला का मंचन किया गया। 
   रामलीला मंचन कार्यक्रम में गुरु वशिष्ठ का रोल पत्रकार श्रद्धा ओम त्रिवेदी ने राजा दशरथ का रोल गिरिराज बुंदेला ने सुमंत का रोल राघवेश शर्माने रावण का रोल मदन सिंह राजावत ने कुंभकरण का रोल गोपाल शर्मा ने विभीषण का रोल हरिओम ने राम का रोल प्रेमराज सैनी ने लक्ष्मण का रोल लड्डू लाल योगी ने निभाया। जोजो जेसे जेसे रामलीला मंचन का कार्यक्रम आगे बढ़ रहा है दर्शकों की भीड़ बढ़ती जा रही है और उत्साह के साथ रामलीला में भाग ले रहे हैं।
संविदा कर्मचारी, आशा नही लड़ सकेंगे चुनाव, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता छुट्टी लेकर लड़ सकेगी, राज्य निर्वाचन आयोग का फैसला।

दैनिक वीरधरा राजस्थान।

जयपुर। प्रदेश में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका बिना वेतन छुट्टी लेकर पंच-सरपंच और जिला परिषद व पंचायत समिति मेंबर का चुनाव लड़ सकेंगी। वहीं संविदा कर्मचारी और आशा सहयोगिनी पदों पर रहते हुए चुनाव नहीं लड़ सकेंगी। राज्य निर्वाचन आयोग ने पंचायतीराज चुनाव लड़ने के मामलों में सभी कलेक्टर्स को आदेश जारी किए हैं। वहीं राशन डीलर का पद लाभ का पद नहीं माना गया है और उन्हें चुनाव लड़ने की छूट दी गई है।
   संविदा कर्मचारी और आशा सहयोगिनी के पद को लाभ का पद माना गया है। संविदा कर्मचारी और आशा सहयोगिनियों को पंचायतीराज चुनाव लड़ने के लिए अपने पदों से इस्तीफे देने होंगे। इस्तीफा मंजूर होने के बाद ही ये चुनाव लड़ सकेंगे।
    राज्य निर्वाचन आयोग ने कहा कि लाभ के पद पर रहते हुए कोई व्यक्ति पंचायती राज संस्था का चुनाव नहीं लड़ सकता। ऐसे में प्रदेश में काम कर रहे संविदा कर्मचारी और आशा सहयोगिनी बिना इस्तीफा दिए पंचायत चुनाव नहीं लड़ सकते।
सांवरिया सेठ का भंडार खुला, पहले चरण की गणना में निकले 9.35 करोड़।

दैनिक वीरधरा राजस्थान।

चित्तौड़गढ़।चित्तौड़गढ़ के प्रसिद्ध कृष्णधाम श्री सांवलियाजी मंदिर में चतुर्दशी के अवसर पर परंपरा के अनुसार भंडार खोला गया, जिसके पहले चरण की गिनती में ₹9 करोड़ 35 लाख 65 हजार 100 की नकद दानराशि सामने आई है। राजभोग आरती के बाद शुरू हुई इस गिनती में पहले ही राउंड में यह भारी रकम मिली है।
    पहले चरण की गिनती पूरी होने के बाद, भंडार की शेष नकदी की गिनती अब 12 अक्टूबर को चरण में की जाएगी।
  नकद राशि की पूरी गिनती हो जाने के बाद, अंतिम दिन भक्तों द्वारा चढ़ाए गए सोने-चांदी के आभूषणों और अन्य मूल्यवान भेंटों का तौल किया जाएगा।
  मेवाड़, मालवा, गुजरात और देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु सांवलिया सेठ को अपना बिजनेस पार्टनर मानते हैं, जिसके चलते हर महीने यहां करोड़ों रुपये का चढ़ावा आता है।
ट्रेन की टक्कर से युवक की मौत, गठरी में इक्कठे किये शव के टुकड़े

दैनिक वीरधरा राजस्थान।

भीलवाड़ा।भीलवाड़ा-चित्तौड़गढ़ रेल लाइन पर मंडपिया स्टेशन के पास इंटरसिटी एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। ट्रेन की टक्कर से युवक के शरीर के चीथड़े उड़ गए और शव को गठरी में बांधकर मॉर्च्यूरी तक पहुंचाया जा सका। हादसा शुक्रवार को मंडपिया रेलवे स्टेशन से करीब एक किलोमीटर आगे हमीरगढ़ स्टेशन की ओर हुआ।
      जीआरपी चौकी प्रभारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार, मृतक हाइवे की ओर से नीचे उतरकर रेलवे ट्रैक पार कर दूसरी ओर जा रहा था। इसी दौरान वो उदयपुर से जयपुर जाने वाली इंटरसिटी ट्रेन की चपेट में आ गया। टक्कर के कारण उसके शरीर के चीथड़े उड़ गए थे, जिन्हें एक गठरी में ट्रैक से इकट्ठा किया गया।
संजू सैमसन की तूफानी पारी गई बेकार, शाई होप के शतक से वेस्टइंडीज ने जीता हाई-स्कोरिंग मैच।

दैनिक वीरधरा राजस्थान।

नई दिल्‍ली। लखनऊ में 11 रन बनाकर आलोचनाओं से घिरे संजू सैमसन (82) का शुक्रवार को रांची में बल्‍ला गरजा। जेएससीए स्टेडियम में खेले गए दूसरे टी-20 मुकाबले में उन्‍होंने अपनी बल्लेबाजी का लोहा मनवाया। संजू के अर्धशतक की बदौलत भारत ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 249 रन बनाए।
    शाई होप (102*) की कप्‍तानी पारी की बदौलत वेस्‍टइंडीज ने 250 रन के टारगेट को 18.3 ओवर में 4 विकेट खोकर चेज कर लिया। यह विंडीज टीम का सबसे सफल रन चेज भी है। इसके साथ ही मेहमान टीम ने दूसरा मुकाबला 6 विकेट से अपने नाम किया और 5 मैचों की सीरीज में 1-1 से बराबरी की।
पंचायतीराज आम चुनाव 2026 मतदान दिवस पर सार्वजनिक अवकाश घोषित।

दैनिक वीरधरा राजस्थान।

जयपुर। राजस्थान सरकार वित्त (सामान्य) विभाग की अधिसूचना क्र. प.16(1) वि.मा./2024 दिनांक 08.10.2026 के अनुसार पंचायतीराज चुनाव के मतदान दिवसों पर परक्राम्य लिखत अधिनियम 1881 की धारा 25 के तहत सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है।

जिला परिषद/पंचायत समिति सदस्य हेतु -
 22 अक्टूबर, 28 अक्टूबर, 3 नवम्बर, 14 नवम्बर।

पंच/सरपंच हेतु -
 24 अक्टूबर, 30 अक्टूबर, 5 नवम्बर, 16 नवम्बर को संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में अवकाश रहेगा।
एसीबी की टीम ने चिकित्सक व दलाल को ₹35हजार की रिश्वत के साथ पकड़ा।

दैनिक वीरधरा राजस्थान। श्री श्रद्धा ओम त्रिवेदी।

सवाईमाधोपुर।नदबई जिला चिकित्सालय में मारपीट की एलएलसी में हार्ड धारा लगाने का झांसा देते हुए 35 हजार रिश्वत राशि मांगने पर धौलपुर एसीबी टीम ने कार्रवाई करते हुए जिला चिकित्सालय में कार्यरत वरिष्ठ चिकित्सक डॉं शशीकांत शर्मा व दलाल त्रिलोक शर्मा उर्फ चीनू को रंगे हाथ दबोच लिया। कार्रवाई दौरान एसीबी टीम ने चिकित्सालय परिसर से दलाल त्रिलोक शर्मा व सरकारी आवास से डॉ शशिकांत शर्मा को हिरासत में लिया। बाद में थाना परिसर में कार्रवाई दौरान दलाल की जेब से 35 हजार रिश्वत राशि जब्त होने पर धौलपुर एसीबी टीम ने आरोपी चिकित्सक व दलाल को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान एसीबी टीम ने जिला चिकित्सालय परिसर में स्थित आरोपी चिकित्सक के सरकारी आवास व जयपुर मानसरोवर में स्थित आवास पर भी जांच पड़ताल की।
    विभागीय सूत्रों की मानें तो नदबई क्षेत्र के गांव पिपरऊ निवासी शिवसिंह पुत्र प्यारेलाल ने मारपीट मामले की एमएलसी में दर्ज चोट पर उच्च धारा लगाने की एवज में चिकित्सक की ओर से पहले 50 हजार व बाद में 35 हजार की रिश्वत मांगने का आरोप लगाते हुए परिवाद दिया। पीड़ित की शिकायत पर सत्यापन दौरान रिश्वत मांगना साबित होने पर एसीबी टीम ने 35 हजार रुपए के साथ पीड़ित को जिला चिकित्सालय भेजा। जिला चिकित्सालय परिसर में दलाल त्रिलोक शर्मा उर्फ चीनू ने पीडि़त से 35 हजार की रिश्वत लेते हुए जेब में रखी। इसी दौरान उपअधीक्षक प्रेमचंद मीणा के नेतृत्व में धौलपुर एसीबी टीम ने कार्रवाई करते हुए दलाल त्रिलोक शर्मा को जिला चिकित्सालय परिसर व डॉ शशिकांत शर्मा को सरकारी आवास से हिरासत में लिया। बाद में नदबई पुलिस थाना परिसर में जांच पड़ताल दौरान दलाल की जेब से 35 हजार की रिश्वत राशि बरामद करते हुए आरोपी चिकित्सक व दलाल को गिरफ्तार किया।

रिश्वत में लिए पांच सौ के 70 नोट:

विभागीय सूत्रों की मानें तो पीडि़त ने दलाल को रिश्वत में पांच-पांच सौ के 70 नोट 35 हजार दिए। रिश्वत राशि लेने के बाद एसीबी टीम ने जेब में रखे सभी 70 नोट बरामद किए। वहीं, थाना परिसर में कार्रवाई दौरान हाथ धुलवाएं तो आरोपी दलाल के हाथ लाल हो गए। बाद में एसीबी टीम ने रिश्वत राशि में लिए सभी पांच-पांच सौ के नोट को जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार किया।
स्वीप कार्यक्रम के तहत मतदाता जागरूकता रैली निकाली।

दैनिक वीरधरा राजस्थान।

भदेसर।उपखंड प्रशासन ने स्वीप कार्यक्रम के तहत मतदाता जागरूकता रैली निकाली। इसमें कस्बे के तीनों सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी और शिक्षक शामिल हुए।  
  रिटर्निंग अधिकारी रजनी मीणा और सहायक रिटर्निग अधिकारी शिव सिंह शेखावत के निर्देशन में आयोजित इस रैली को माणिक्य लाल वर्मा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय से मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी गोवर्धन लाल देवत भदेसर पंचायत समिति विकास अधिकारी  महेंद्र सिंह, अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी हिमांशु जानी, नोडल अधिकारी शम्भू लाल शर्मा, और बालिका विद्यालय के प्रधानाचार्य शांति लाल मीणा और सूचना प्रौद्योगिकी विभाग की प्रोग्रामर दीप्ति टाक ने झण्डी दिखाकर रवाना किया।
   रैली में मॉडल स्कूल के कार्यवाहक प्रधानाचार्य बनवारी लाल मीणा, स्काउट गाइड स्थानीय संघ सचिव शंकर लाल भांबी सहायक प्रोग्रामर अनिल मेघवाल सहित कई शिक्षक उपस्थित थे।
   विद्यार्थियों ने ढोल-नगाड़ों के साथ नारे लगाए और लोगों को ज्यादा से ज्यादा मतदान करने के लिए जागरूक किया।
   यह रैली बस स्टैंड, जैन स्थानक और राजमहल होते हुए पंचायत समिति परिसर में खत्म हुई। छात्रों के हाथों में मतदान के लिए प्रेरित करने वाली तख्तियां थीं। उन्होंने "जागरूक मतदाता, मजबूत लोकतंत्र" का संदेश दिया। इस दौरान कई शिक्षक और एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी अशोक कुमार ठोलिया भी मौजूद थे।
नारद मोह प्रसंग के साथ ही रामलीला का मंचन प्रारंभ।

दैनिक वीरधरा राजस्थान।श्री श्रद्धा ओम त्रिवेदी। 

सवाईमाधोपुर। शिव बगीची स्थित श्री रामकला मंडल मंच प्रांगण में नारद मोह के प्रसंग के साथ ही 11 दिवसीय रामलीला मंचन का शुभारंभ हो गया। प्रथम दिवस महर्षि नारद द्वारा हिमगिरी पर्वत पर जाकर भगवान की तपस्या करना, तपस्या के प्रभाव से इंद्र का सिंहासन हिलना उसके बाद इंद्र द्वारा कामदेव को उनकी तपस्या भंग करने के लिए भेजना, कामदेव का तपस्या भंग करने का प्रयास असफल होने पर कामदेव द्वारा नारद जी के चरणों में पड़कर क्षमा मांगना, काम को जीतने पर नारद मुनि को अहंकार होना एवं काम को जीतने का वृतांत भगवान शिव एवं उनके पिता ब्रह्मा को बताना, मना करने के बावजूद भी भगवान विष्णु को जाकर सारा वृत्तांत बताना, भगवान विष्णु द्वारा नारद जी के अहंकार को समाप्त करने के लिए वानर रूप देना, इन सभी प्रसंग के साथ नारद मोह की लीला का समापन हुआ। रामलीला का मंचन 8 अक्टूबर से शुरू होकर 18 अक्टूबर तक चलेगा।
नवरात्रि में पहला भजन क्लबिंग 13 अक्टूबर को चित्तौड़गढ़ में।

दैनिक वीरधरा राजस्थान।

चित्तौड़गढ़।  चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी की प्रेरणा से जैन जी अल्फा युवा शक्ति को धार्मिक सांस्कृतिक सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित होने वाला राजस्थान का अब तक का सबसे बड़ा भजन क्लबिंग  आयोजन को लेकर मेवाड़ महोत्सव समिति द्वारा श्रीनाथ गार्डन में शुक्रवार को विशेष बैठक आयोजित की गई।
    मेवाड़ महोत्सव समिति के उपाध्यक्ष अनुराग द्विवेदी एवं गोपाल भूतड़ा के अनुसार बैठक की शुरुआत में सभी पधारे अतिथियों का स्वागत करते हुए समिति के अध्यक्ष अनंत समदानी ने स्वागत उद्बोधन दिया  कार्यक्रम के लिए सभी से सुझाव आमंत्रित किये और आयोजन को भव्य एवं आकर्षक तथा नई युवा शक्ति को अधिक से अधिक संख्या में जोड़ने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
    बैठक को संबोधित करते हुए अतिथि नगर परिषद सभापति अनिल ईनाणी ने कहा कि जिस तरह हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भजन क्लबिंग का कार्यक्रम युवाओ को सनातन से जोड़ने के लिए जो कार्यक्रम कराया उससे पूरे देश में जबरदस्त उत्साह का माहौल है। भजन क्लबिंग लाइव बैंड पर चित्तौड़ झूमने को तैयार बैठा है कार्यक्रम में सोढ़ा लाइव बैंड, पूरी हनुमान अंश टीम एवं प्रसिद्ध भजन गायक छोटू सिंह रावणा की प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। बैठक के दौरान आयोजन की सफलता के लिए पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई चित्तौड़गढ़ शहर के सभी बड़े कॉलेज एवं लाइब्रेरी, कोचिंग क्लासेस में युवाओं से संवाद कर कार्यक्रम से जोड़ने के लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां दी गई।
    बैठक के बाद कार्यक्रम का पोस्टर का विमोचन किया गया।