भारत विकास परिषद ने संत कबीर धर्मशाला में किया 21 कन्याओं का
पूजन, समाज निर्माण में संस्कार और नारी शक्ति के महत्व पर दिया बल
मातृशक्ति के प्रति आदर, सम्मान और समर्पण का संदेश देता है नवरात्र पर्व : सुनील कुमार शर्मा
भिवानी, 18 अक्टूबर : नवरात्रों के अवसर पर भारत विकास परिषद की लाला लाजपत राय शाखा द्वारा स्थानीय संत कबीर धर्मशाला में कन्या पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सेवा भारती द्वारा संचालित बाल संस्कार एवं मेहंदी प्रशिक्षण केंद्र के परिसर में संपन्न हुआ, जिसमें 21 देवी स्वरूप कन्याओं का पारंपरिक विधि-विधान से पूजन कर उनका आशीर्वाद लिया गया। समारोह में उपस्थित परिषद के सदस्यों ने सभी 21 कन्याओं के चरण पखारकर, मस्तक पर रोली-तिलक लगाया और रक्षा सूत्र बांधा। इसके पश्चात कन्याओं को मां भगवती का रूप मानकर उनकी आरती उतारी गई और संपूर्ण समाज के कल्याण की मंगल कामना की गई। परिषद की ओर से सभी कन्याओं को फल, व्रत के अनुकूल शुद्ध मिष्ठान्न और दक्षिणा भेंट स्वरूप प्रदान की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता शाखा के सेवा प्रमुख नयन कुमार ने की, जबकि शाखा अध्यक्ष सुनील कुमार शर्मा अपनी धर्मपत्नी सहित मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शाखा अध्यक्ष सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि नवरात्र का पावन पर्व हमें मातृशक्ति के प्रति आदर, सम्मान और समर्पण का संदेश देता है। कन्याएं केवल समाज का भविष्य ही नहीं, बल्कि हमारे नैतिक मूल्यों और संस्कृति की आधारशिला हैं। हमारा दायित्व केवल पूजन तक सीमित नहीं है, बल्कि बेटियों की शिक्षा, संस्कार और आत्मनिर्भरता के लिए निरंतर प्रयास करना ही सच्ची देवी आराधना है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सेवा प्रमुख नयन कुमार ने कहा कि सेवा और संस्कार ही भारत विकास परिषद के मूल मंत्र हैं। जब संस्कार और सेवा एक साथ मिलते हैं, तो समाज के अंतिम व्यक्ति तक सकारात्मक बदलाव पहुंचता है। सेवा भारती के जिला अध्यक्ष मनोहर लाल ने परिषद के इस पुनीत प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में समरसता और अपनत्व का भाव सुदृढ़ होता है। कार्यक्रम के समापन पर शाखा सचिव अंकुर अग्रवाल ने सभी अतिथियों, कार्यकर्ताओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अनिल वत्स, राजेंद्र, विनोद भारद्वाज, पंकज गोयल, गौरव गोयल, केंद्र की विद्यालय संचालिका और कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
Bhiwani, Bhiwani | Oct 18, 2026