सिरदला के जमुगाय मंदिर में एमएलसी प्रतिनिधि की पत्नी का सोने का हार गायब
संदिग्ध महिला पकड़ी गई, सीसीटीवी फुटेज में अन्य लोगों की गतिविधियां भी दिखीं; पुलिस कर रही जांच
सनोज कुमार संगम
नवादा सिरदला प्रखंड के प्रसिद्ध जमुगाय सूर्यदेव मंदिर परिसर में सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठ महापर्व शांतिपूर्ण संपन्न हो गया। इसी दौरान मंदिर परिसर में चोरी की घटना से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। सिरदला के एमएलसी प्रतिनिधि मिथिलेश यादव की पत्नी के गले से सोने का हार गायब हो गया। उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए एक संदिग्ध महिला को पकड़ लिया और परिजनों को सूचना दी।
घटना के समय मंदिर परिसर में महिला और पुरुष पुलिसकर्मी मौजूद थे। कुछ ही दूरी पर सिरदला थानाध्यक्ष विनय कुमार चौरसिया भी मौजूद थे। हंगामे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़ी गई महिला को मंदिर के बगल स्थित सामुदायिक भवन में सुरक्षित रखा गया। इसके बाद मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की गई।
जानकारी के अनुसार, फुटेज में संदिग्ध महिला के साथ कुछ अन्य लोगों की गतिविधियां भी दिखाई देने की बात सामने आई है। हालांकि, उनकी संलिप्तता की पुष्टि नहीं हुई है। पकड़ी गई महिला ने पहले अपना पता रजौली बताया, जबकि बाद में खुद को उत्तर प्रदेश का निवासी बताते हुए कहा कि वह एक रिश्तेदार के साथ आई थी और अपनी बहन को बुला देगी।
एमएलसी प्रतिनिधि मिथिलेश यादव ने बताया कि महिला को सिरदला थाना ले जाया गया है। जानकारी के अनुसार, महिला को पहले रजौली ले जाया गया था, जहां से वापस सिरदला थाना लाया गया।
इस संबंध में थानाध्यक्ष विनय कुमार चौरसिया से फोन पर पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। फिलहाल सोने का हार बरामद होने और घटना में अन्य लोगों की भूमिका को लेकर पुलिस के आधिकारिक बयान का इंतजार है।
Rajauli, Nawada | Nov 16, 2026