नवादा 15 नवंबर । सदर प्रखंड के केना पंचायत स्थित खुटका सराय में पंचाने नदी तट पर बहुप्रतीक्षित छठ तालाब निर्माण कार्य पूरा हुआ और छठव्रतियों के लिए इसे खोल दिया गया । आज पहली अर्घ्य के दिन सैकड़ों छठव्रतियों की उपस्थिति में सदर विधायक विभा देवी ने शिला पट्ट से पर्दा उठाकर इस भव्य छठ तालाब का उद्घाटन किया । इसके पूर्व छठव्रतियों ने माला पहनाकर उनका स्वागत किया तो दूसरी ओर विधायक ने छठव्रतियों का पैर छूकर आशीर्वाद लिया । मौके पर केना पंचायत के मुखिया नीतीश राणा ने कहा कि यह छठ तालाब दर्जनों गांव के छठव्रतियों का सपना था जिसे माननीय विधायक ने पूरा किया । इसी के साथ यहां पर भव्य सूर्यमंदिर निर्माण का रास्ता भी खुल गया है । लगभग 14 लाख से भी अधिक प्राक्कलित राशि से निर्मित छठ तालाब के निर्माण में माननीय पूर्व राज्यमंत्री राजबल्लभ प्रसाद ने तन मन धन से सहयोग किया और इसकी गुणवत्ता को लेकर हमेशा संवेदनशील बने रहे । स्वंय कई बार उन्होंने निर्माण कार्य का जायजा लिया और निर्धारित मापदंड के अनुसार आवश्यक दिशानिर्देश देते रहे । उद्घाटन के बाद भी विधायक घंटों छठ तालाब पर बैठकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देते हुए देखते रहे और मन ही मन आनंदित होते रहे । उन्होंने कहा कि छठ व्रत जैसे महान पर्व के लिए मै हमेशा चाहती रही हूँ की किसी भी छठव्रतियों को किसी प्रकार का कष्ट नहीं हो । मुझे खुशी है कि इस छठ तालाब से दर्जनों गांव की महिलाएं लाभान्वित होंगी । इसके साथ उन्होंने जोड़ा कि निर्माण कार्य से ज्यादा महत्वपूर्ण इसका संरक्षण और नियमित संचालन होता है जिसका दायित्व गांव वालों के जिम्मे है । मौके पर समाजसेवी भोला यादव , सुरेन्द्र यादव , विजय यादव , प्रिंस प्रभात , टुनटुन यादव , लालकेश्वर राय के अलावे दर्जनों सक्रिय कार्यकर्ता उपस्थित रहे ।
रिपोर्ट :- शंभू विश्वकर्मा
Rajauli, Nawada | Nov 15, 2026