*लेम्बुआ बहेरा में सेंधमारी कर लाखों की चोरी, 6 नामजद*
*आमस (गयाजी):* थाना क्षेत्र के रामपुर पंचायत अंतर्गत लेम्बुआ बहेरा गांव में सोमवार की रात चोरों ने एक घर में सेंधमारी कर लाखों की चोरी को अंजाम दिया। चोर पीछे की दीवार में सेंध मारकर घर में घुसे और नकद व जेवरात लेकर फरार हो गए।
घटना के संबंध में पीड़ित अमिष कुमार पिता काली यादव ने आमस थाना में आवेदन दिया है। आवेदन में बताया कि 08 सितंबर की रात करीब 10 बजे पूरा परिवार खाना खाकर सो गया था। सुबह मां घर की साफ-सफाई के लिए दरवाजा खोलने गई तो देखा कि जिस कमरे में गहने रखे थे, उस कमरे में पीछे से सेंध मारी हुई है।
कमरे में रखा सारा सामान गायब था। बाद में ग्रामीणों ने बताया कि घर से कुछ दूरी पर बगीचे के खेत में बक्सा और कपड़े फेंके हुए हैं।
*10 तरह के गहने और 1 लाख नकद ले गए चोर*
पीड़ित के अनुसार चोरों ने घर से 1 लाख रुपये नकद, सोने का झुमका 2 पीस, बजरंगबली का सोने का माला, सोने का करफूल 2 पीस, दुर्गा जी का सोने का माला, सोने की नाक की ठुंगिया 4 पीस, चांदी की पायल 4 पीस, चांदी का कटोरा समेत पुश्तैनी बाला, हंसुली, बिछिया व अन्य जेवरात और जमीन के कागजात चुरा लिए।
*पुरानी रंजिश में चोरी का आरोप*
पीड़ित ने चोरी के पीछे पुरानी रंजिश का आरोप लगाया है। बताया कि बीते 24 अगस्त को गांव के ही 6 लोगों से लड़ाई-झगड़ा हुआ था, उस दौरान आरोपियों ने घर का दरवाजा तोड़ने का भी प्रयास किया था।
इसी आधार पर पीड़ित ने गांव के मनीष कुमार, अक्षय कुमार, गुड्डू कुमार, शशिरंजन कुमार, रामप्रवेश यादव और जुगेश्वर यादव को नामजद किया है। पुलिस ने आवेदन के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
Madanpur, Aurangabad | Sep 10, 2026