पिरवां में छुपा है ककोलत जैसा नजारा, सैलानियों की उमड़ रही भीड़
औरंगाबाद :यह कोई रोहतास का तुतला भवानी या नवादा का ककोलत जलप्रपात नहीं, बल्कि औरंगाबाद जिला के मदनपुर प्रखंड के ग्राम पंचायत पिरवां में स्थित एक खूबसूरत वाटरफॉल है। बारिश के बाद यहां की खूबसूरती देखते ही बनती है और प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में सैलानी यहां पहुंच रहे हैं।
वाटरफॉल के पास प्रतिदिन दर्जनों बाइक लगी देखी जा सकती है। सबसे बड़ी बात यह है कि यह जलप्रपात स्थानीय महिलाओं के लिए रोजगार का साधन बन गया है। वाटरफॉल से करीब डेढ़ किलोमीटर नीचे कई महिलाएं चना-चबेना बेचकर प्रतिदिन 500 रुपये तक की बचत कर रही हैं। पूछने पर महिलाओं ने बताया कि बारिश होते ही यहां सैलानियों की भीड़ उमड़ने लगती है।
खास बात यह है कि यहां सिर्फ पुरुष और युवा ही नहीं, बल्कि युवतियां भी बड़ी संख्या में घूमने पहुंच रही हैं। प्रतिदिन सैकड़ों सैलानियों की भीड़ उमड़ रही है
कैसे पहुंचें इस वाटरफॉल तक
यहां पहुंचने के दो रास्ते हैं। पहला, यदि आप आमस जीटी रोड की ओर से पिरवां जा रहे हैं तो टेका बिगहा, पिरवां बाजार, पैठान बिगहा होते हुए अम्बेडकर चौक और पिरवां हाई स्कूल के रास्ते यहां पहुंच सकते हैं।
दूसरा रास्ता कासमा की ओर से है। कासमा होते हुए पिरवां आने पर करमडीह मोड़ से महज तीन किलोमीटर की दूरी पर यह स्थित है, जहां अंबेडकर चौक होते हुए राजकीय डिग्री कॉलेज के रास्ते पहुंचा जा सकता है।