सागर में 17 सितंबर से शुरू होगी स्वामित्व योजना में निःशुल्क रजिस्ट्री
कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने की तैयारियों की समीक्षा
सागर जिले में स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन अभियान को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से शुरू हो रहे इस विशेष अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में आबादी भूमि पर निवासरत नागरिकों को उनकी संपत्ति का कानूनी मालिकाना हक (पक्की रजिस्ट्री) निःशुल्क दिया जाएगा।
कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार और राजस्व अधिकारियों की बैठक लेकर अभियान को पूरी गंभीरता से संचालित करने के निर्देश दिए हैं।
शत-प्रतिशत मुफ्त होगी रजिस्ट्री, सरकार उठाएगी पूरा खर्च
इस योजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि ग्रामीणों के लिए रजिस्ट्री पूरी तरह निःशुल्क रहेगी।
राज्य सरकार द्वारा स्टाम्प शुल्क, पंजीयन फीस, जनपद तथा पंचायत/नगरीय निकाय उपकर में शत-प्रतिशत छूट प्रदान की गई है।
इस विधिक दस्तावेज की मदद से ग्रामीण नागरिक अपनी संपत्ति को वित्तीय परिसंपत्ति के रूप में उपयोग कर बैंकों से सुगमता से लोन ले सकेंगे।
जिले में ड्रोन सर्वे का कार्य पहले ही पूर्ण किया जा चुका है। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने बताया कि यह अभियान 17 सितंबर से 3 अक्टूबर तक तीन चरणों में आयोजित होगा। जिले की ग्राम पंचायतों में प्रत्येक सप्ताह तीन दिन विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।
निष्पादन अधिकारियों (तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं राजस्व निरीक्षक) को प्रतिदिन न्यूनतम 40 निःशुल्क रजिस्ट्री पूर्ण करने का लक्ष्य दिया गया है। कार्य में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
सभी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अपने-अपने अनुभागों के नोडल अधिकारी के रूप में मॉनिटरिंग करेंगे। शिविरों में सरपंच, सचिव, पटवारी और रोजगार सहायक की संयुक्त टीम तैनात रहेगी। आवेदनों का सत्यापन MPeSeva, SAARA एवं SAMPADA 2.0 ऐप/पोर्टल के माध्यम से ई-साइन (e-Sign) और आधार e-KYC द्वारा किया जाएगा।
कलेक्टर ने निर्देश दिये हैं कि इस अभियान को एक उत्सव के रूप में मनाया जाए। रजिस्ट्री पूर्ण होते ही डिजिटल दस्तावेज ग्रामीणों को उनके व्हाट्सएप पर उपलब्ध कराए जाएंगे।
CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh #JansamparkMP #sagar
5 views | Sagar, Madhya Pradesh | Sep 15, 2026