#नेपाल में तबाही का भयानक मंजर....
नेपाल में भयानक बाढ़ से 22 की मौत, पीएम मोदी ने बालेन शाह से की बात, 100 से अधिक भारतीय समेत करीब 384 लोग लापता
नेपाल-चीन के सीमावर्ती इलाकों में बुधवार सुबह अचानक आई भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। इस बाढ़ में कम से कम 384 टूरिस्ट भी लापता हो गए हैं, जिनमें से 100 से अधिक भारतीय हैं। सबसे ज्यादा तबाही भोटेकोशी नदी के किनारे बसे इलाकों में हुई है। उत्तरी रसुवा में बॉर्डर आउटपोस्ट पर तैनात नेपाल आर्म्ड पुलिस फोर्स (एपीएफ) के चार जवान अचानक आई बाढ़ के बाद लापता बताए जा रहे हैं। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने आपातकालीन बैठक बुलाई है और राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने के आदेश दिए हैं। वहीं, भारत ने भी कई टुकड़ियों को हाई अलर्ट पर रखा है और सीमा पर नदियों के जल स्तर की निगरानी की जा रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया, "प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह से बात की और नेपाल में बाढ़ से हुई जान-माल की हानि पर संवेदना व्यक्त की। इस मुश्किल समय में भारत के लोग नेपाल में अपने भाइयों और बहनों के साथ एकजुटता से खड़े हैं।
भारत नेपाल को हर संभव मानवीय सहायता देने के लिए तैयार है। हमारी टीमें बचाव और राहत कार्यों के लिए मिलकर काम कर रही हैं।" काठमांडू में भारतीय दूतावास ने नेपाल में आज अचानक आई बाढ़ से प्रभावित भारतीय नागरिकों की मदद और जानकारी के लिए इमरजेंसी नंबर जारी किए हैं:
+977 985 131 6807
+977 970 910 7500
Orai, Jalaun | Aug 26, 2026