कृषि नवाचार और स्थानीय उत्पादों को मिला मंच
लांजी में एक जिला एक उत्पाद एवं कृषक संगोष्ठी, जैव संसाधन केंद्र और आजीविका समूहों के स्टॉल बने आकर्षण
कृषि को अधिक लाभकारी बनाने और किसानों को स्थानीय संसाधनों से जोड़ते हुए विकासखंड लांजी के उत्कृष्ट मैदान में गुरुवार को एक जिला एक उत्पाद (ODOP) एवं कृषक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में किसानों को कृषि की नवीन तकनीकों, जैव संसाधनों, फसल विविधीकरण और स्थानीय स्तर पर उपलब्ध उत्पादों को आय के बेहतर साधन के रूप में विकसित करने की संभावनाओं से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम का आयोजन परियोजना संचालक आत्मा समिति बालाघाट डॉ. रामनाथ पटेल एवं उपसंचालक कृषि फूलसिंह मालवीय के निर्देशानुसार किया गया। कार्यक्रम में कृषि विभाग एवं आत्मा समिति द्वारा जैव संसाधन केंद्र (BRC) का स्टॉल लगाया गया। यहां किसानों को जैव संसाधनों के उपयोग, कृषि में उनके महत्व तथा खेती को अधिक टिकाऊ और लाभकारी बनाने से संबंधित जानकारी दी गई।
वहीं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के स्व-सहायता समूहों द्वारा भी स्टॉल लगाया गया। समूहों द्वारा तैयार उत्पादों का प्रदर्शन किया गया, जिससे ग्रामीण महिलाओं के समूहों को अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने और बाजार से जोड़ने का अवसर मिला।
खेती में बदलाव से आय के नए अवसर
कृषक संगोष्ठी में इस बात पर जोर दिया गया कि खेती को केवल पारंपरिक फसलों तक सीमित रखने के बजाय किसान अपनी स्थानीय परिस्थितियों, उपलब्ध संसाधनों और बाजार की मांग के अनुसार फसल एवं कृषि गतिविधियों में विविधीकरण कर सकते हैं। जैव संसाधनों के उपयोग और स्थानीय उत्पादों के मूल्य संवर्धन से कृषि को अधिक टिकाऊ एवं लाभकारी बनाने की दिशा में प्रयास किए जा सकते हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित कृषि सखियों और प्रगतिशील किसानों ने भी कृषि क्षेत्र में अपने अनुभव साझा किए। किसानों के बीच आपसी संवाद के माध्यम से खेती में अपनाए जा रहे नए प्रयोगों और स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संभावनाओं पर चर्चा हुई।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही सहभागिता
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जनपद पंचायत लांजी अध्यक्ष श्रीमती अर्चना खोंगल रहीं। इस अवसर पर जनपद उपाध्यक्ष अजय अवसरे, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अंकित सिंघई, जनपद पंचायत सदस्य रेवाजी एवं दिनेश लांडे, एनआरएलएम ब्लॉक मॉनिटर राजाराम परते, सुनीता चंदने एवं अतीत फूलमारी सहित जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
कृषि विभाग की ओर से वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कुलदीप गनवीर, विकासखंड तकनीकी प्रबंधक अजय बिजेवार सहित लांजी विकासखंड की कृषि सखियों ने सहभागिता की।
प्रगतिशील किसानों ने बढ़ाया उत्साह
संगोष्ठी में क्षेत्र के प्रगतिशील किसानों मरठे, अनिल बुंधानसा, हेमेंद्र उमरे एवं नंदकिशोर कामरी सहित अन्य किसानों ने सहभागिता की। किसानों ने कृषि से जुड़े विषयों पर चर्चा की और अपने अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम ने किसानों, कृषि विभाग और ग्रामीण आजीविका समूहों के बीच संवाद का मंच उपलब्ध कराया। एक जिला एक उत्पाद, जैव संसाधन और स्व-सहायता समूहों के उत्पादों को एक साथ मंच मिलने से स्थानीय स्तर पर उत्पादन से लेकर बाजार तक की संभावनाओं पर चर्चा को गति मिली। इससे किसानों एवं ग्रामीण समूहों को अपनी स्थानीय क्षमता को आय के अवसरों में बदलने के लिए प्रोत्साहन मिला।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #minmpkrishi #mp_wcdmp