#बालाघाट
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का मौका, विशेष शिविरों में मिले 5055 आवेदन, 09 अक्टूबर को भी लगेंगे कैंप
विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित रह गए पात्र नागरिकों के नाम अब दोबारा सूची में शामिल किए जा रहे हैं। इसके लिए बीएलओ द्वारा घर-घर संपर्क अभियान चलाकर पात्र लोगों से आवश्यक दस्तावेज लिए जा रहे हैं।
अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी डी.पी. बर्मन ने बताया कि एसआईआर के दौरान अनमैप्ड अथवा तार्किक विसंगतियों के कारण जिन पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सके हैं, वे बीएलओ के संपर्क अभियान के दौरान आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराकर अपना नाम जुड़वा सकते हैं। इसके लिए फार्म-6 भरना होगा। फार्म-6 के साथ किसी प्रकार का घोषणा पत्र देने की आवश्यकता नहीं है।
जिले के सभी छह विधानसभा क्षेत्रों के 1785 मतदान केंद्रों पर 7 और 8 अक्टूबर को लगाए गए विशेष शिविरों में मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए कुल 5055 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें बैहर से 977, लांजी से 1243, परसवाड़ा से 819, बालाघाट से 931, वारासिवनी से 607 और कटंगी से 478 आवेदन शामिल हैं।
18 वर्ष की उम्र पूरी करने वाले युवा भी कर सकते हैं आवेदन
ऐसे युवा, जिन्होंने 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर ली है, वे भी फार्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। वहीं 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं से भी अग्रिम रूप से फार्म-6 भरवाए जा रहे हैं। पात्र मतदाताओं की सुविधा के लिए 9 अक्टूबर को भी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा रैन बसेरों, श्रमिक बस्तियों तथा बेघर एवं वंचित वर्ग के पात्र लोगों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए आवश्यकता अनुसार विशेष शिविर लगाए जाएंगे।
ईसीआईनेट से घर बैठे भर सकते हैं फार्म-6
मतदाता ईसीआईनेट एप के माध्यम से घर बैठे यह भी जांच सकते हैं कि उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज है या नहीं। नाम नहीं होने की स्थिति में इसी एप के जरिए ऑनलाइन फार्म-6 भरकर आवेदन किया जा सकता है। ऑनलाइन आवेदन करने पर आवेदन सीधे संबंधित बीएलओ की आईडी में पहुंच जाता है। निर्वाचन विभाग ने पात्र नागरिकों और नए मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत समय रहते अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराएं, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।
#JansamparkMP #ECISVEEP #CEOMPElections