समाहरणालय पूर्णिया,
जनसंपर्क कार्यालय,
प्रेस विज्ञप्ति:-1392,
दिनांक 17 सितम्बर 2026,
==================
पूर्णिया में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान का शुभारंभ: 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगा व्यापक स्वच्छता पखवाड़ा।
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) एवं लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत गुरुवार को पूर्णिया जिले में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान की शुरुआत की गई।
इस वर्ष यह अभियान “स्वच्छता में सहभागिता, स्वच्छ भारत विकसित भारत” थीम के तहत 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक पूरे जिले की सभी पंचायतों और प्रखंडों में एक विशेष अभियान के रूप में चलाया जाएगा।
अभियान के विधिवत शुभारंभ के क्रम में उप विकास आयुक्त, नगर आयुक्त, महापौर (नगर निगम पूर्णिया) तथा अन्य वरीय अधिकारियों द्वारा पूर्णिया अंबेडकर सदन से आर. एन. साह चौक तक साफ-सफाई में श्रमदान किया गया।
इसके पश्चात जिला पदाधिकारी, पूर्णिया की अध्यक्षता में महानंदा सभागार में एक समीक्षात्मक एवं उनमुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, नगर आयुक्त, महापौर, निदेशक डीआरडीए, यूनिसेफ प्रतिनिधि, जिला समन्वयक, सलाहकार एवं प्रखंड स्तरीय कर्मीगण उपस्थित थे।
अभियान की मुख्य गतिविधियाँ एवं प्राथमिकताएँ:--
स्वच्छता लक्षित इकाइयाँ (CTU): जिले के सार्वजनिक स्थलों, सरकारी एवं निजी कार्यालयों, स्कूलों, आंगनबाड़ियों, स्वास्थ्य केंद्रों, पंचायत भवनों, धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों, हाट-बाजारों और जलस्रोतों को चिह्नित कर गंदगी मुक्त बनाया जाएगा।
सफाई मित्रों के लिए 'सुरक्षा शिविर': सफाई कर्मियों के स्वास्थ्य की जाँच, बीमा कवरेज और अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान करने के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।
सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर प्रतिबंध एवं ईको-फ्रेंडली विकल्प: प्लास्टिक कचरा मुक्त परिसर बनाने के लिए जूट, कपड़े, कागज और ईको-फ्रेंडली सामग्री से बने थैलों के उपयोग पर जोर दिया जाएगा।
जन-जागरूकता एवं श्रमदान: स्वच्छता को दैनिक व्यवहार का हिस्सा बनाने के लिए विविध जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें आम जनमानस अपनी सहभागिता निभाएगा।
डिजिटल ट्रैकिंग: सांस्कृतिक एवं सार्वजनिक स्थलों की सफाई के बाद तस्वीरों को ‘स्वच्छता ही सेवा’ पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा।
उप विकास आयुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों और प्रखंड समन्वयकों को निर्देश दिया है कि वे जिला स्वच्छता कार्यालय से बेहतर समन्वय स्थापित कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर अभियान के सभी लक्ष्यों को पूरा करना सुनिश्चित करें।
Purnia, Bihar | Sep 18, 2026