हरदोई में धूमधाम से मनाई गई सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती, निकाली गई रन फॉर यूनिटी
हरदोई। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को जनपद में राष्ट्रीय एकता दिवस हर्षोल्लास और गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया। इस मौके पर कलेक्ट्रेट स्थित स्वामी विवेकानंद सभागार में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां लखनऊ में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित सरदार वल्लभभाई पटेल कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार क्षेत्र विकास योजना के शुभारंभ और राष्ट्रीय एकता दिवस शपथ ग्रहण समारोह का सजीव प्रसारण किया गया।
कार्यक्रम में प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी एवं परियोजना निदेशक डीआरडीए अशोक कुमार मौर्य, नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार, जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार सहित अधिकारियों, कर्मचारियों और स्कूली छात्र-छात्राओं ने सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद सभी ने राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ ली।
इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार ने कहा कि देश के एकीकरण में सरदार वल्लभभाई पटेल का योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
इसके बाद राष्ट्रीय एकता का संदेश देने के उद्देश्य से रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। दौड़ स्वामी विवेकानंद सभागार से शुरू होकर गांधी भवन में संपन्न हुई। इसमें अधिकारियों, कर्मचारियों, खिलाड़ियों और विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
वहीं, जिला कारागार में जेल अधीक्षक अमन कुमार सिंह ने सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की और कारागार कर्मियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।
इसी क्रम में पुलिस कार्यालय में पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण किया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। इस दौरान पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
Bilgram, Hardoi | Oct 31, 2026