सीईओ जिला पंचायत द्वारा दोर्द, सुनवई, खितरपाल का भ्रमण
समूहों द्वारा संचालित आजीविकामूलक गतिविधियों का किया अवलोकन
-----
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री कार्तिकेय जायसवाल ने आज विजयपुर विकासखंड के ग्राम दोर्द, सुनवाई एवं खितरपाल का भ्रमण कर स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं द्वारा संचालित विभिन्न आजीविकामूलक गतिविधियों का अवलोकन किया। भ्रमण के दौरान डीपीएम एनआरएलएम श्री सोहनकृष्ण मुदगल भी मौजूद रहे।
सीईओ जिला पंचायत श्री कार्तिकेय जायसवाल ने भ्रमण के दौरान एनआरएलएम के अधिकारियों को निर्देश दिये कि समूह से जुड़ी दीदियों को विभिन्न आजीविका गतिविधियों से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने तथा परिवारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए प्राथमिकता से कार्य किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक परिवार को दो या दो से अधिक आजीविकामूलक गतिविधियों से जोड़ने का कार्य किया जायें।
ग्राम दोर्द में बालाजी स्व-सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं से चर्चा के दौरान श्रीमती दुलारी रावत द्वारा संचालित आटा चक्की एवं श्रीमती अनीता रावत द्वारा संचालित ऑयल मिल गतिविधि का अवलोकन किया गया। इसी ग्राम में श्रीमती भूरी जाटव द्वारा आटा चक्की, श्रीमती सुरक्षा जाटव द्वारा भैंस पालन, श्रीमती कलावती द्वारा मनिहारी तथा श्रीमती शीला द्वारा किराना दुकान के लिए समूह से लिए गए ऋण एवं आजीविका गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की गई। महिलाओं ने समूह के माध्यम से किए जा रहे लेन-देन एवं आर्थिक गतिविधियों से परिवार की आय में हो रहे सहयोग के बारे में जानकारी प्रदान की गई।
ग्राम खितरपाल में ग्राम संगठन की अध्यक्ष श्रीमती रेशमा रावत एवं सचिव श्रीमती ममता कुशवाह द्वारा ग्राम भ्रमण के दौरान समूह से जुड़ी महिलाओं के माध्यम से संचालित किराना स्टोर, आटा चक्की, बैंकिंग सेवाओं तथा गौशाला संचालन के संबंध में अवगत कराया गया। इसी प्रकार ग्राम मढ़ा में समूह सदस्यों द्वारा संचालित जनरल स्टोर, मेडिकल स्टोर, सिलाई दुकान, दूध डेयरी, पीडीएस दुकान एवं सब्जी उत्पादन गतिविधियों से हो रही आय के संबंध में जानकारी ली गई।
भ्रमण के दौरान ग्राम गोपालपुर में धरती संस्था द्वारा स्थापित पोषण पुनर्वास केंद्र का भी अवलोकन किया गया तथा विभिन्न ग्रामों में शासन की योजनाओं की जानकारी प्राप्त की गई। उन्होंने स्व-सहायता समूहों के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने, आजीविका के साधनों का विस्तार करने और परिवारों की आय बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।
समूह सदस्य द्वारा संचालित पेट्रोल पम्प का अवलोकन
सीईओ जिला पंचायत श्री कार्तिकेय जायसवाल द्वारा ग्राम सुनवाई में भ्रमण के दौरान जय हनुमान स्वसहायता समूह की सदस्य श्रीमती रामलता रावत द्वारा संचालित किये जा रहे पेट्रोल पंप का अवलोकन किया गया। समूह की सदस्य श्रीमती रामलता रावत ने बताया कि पेट्रोल पंप की स्थापना के लिए स्व-सहायता समूह के माध्यम से 6 लाख रुपये का ऋण लिया गया था, जिससे पेट्रोल पम्प की स्थापना काफी मदद मिली है।
-
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#sheopur