#शातिर बदमाश चढ़ा पुलिस के हत्थे :- 14 अगस्त की चैन स्नैचिंग का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल, लूटी गई चैन भी बरामद
देहरादून। वसंत विहार थाना क्षेत्र के हरबंसवाला बैरियर पर देर रात सघन चेकिंग के दौरान पुलिस और एक बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। बिना नंबर प्लेट की स्कूटी पर आ रहे संदिग्ध को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह टी-स्टेट की तरफ भागने लगा। पुलिस टीम के पीछा करने पर बदमाश ने फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
घायल बदमाश की पहचान आकाश उर्फ तमंचा (27 वर्ष), निवासी रायपुर (देहरादून) के रूप में हुई है। वह बीते 14 अगस्त को वसंत विहार में एक वृद्ध महिला से हुई चैन स्नैचिंग की घटना में वांछित था।
पुलिस ने बदमाश के कब्जे से 14 अगस्त को लूटी गई सोने की चैन, कोतवाली नगर से चोरी की गई नीले रंग की बिना नंबर प्लेट की एक्टिवा स्कूटी, एक 315 बोर का तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।