तिरंगे की गौरवशाली यात्रा से रूबरू हुए राज्य मंत्री: टाउन हॉल में राष्ट्रीय ध्वज के इतिहास एवं विकास पर आधारित प्रदर्शनी का किया अवलोकन
उरई/जालौन। टाउन हॉल में राष्ट्रीय ध्वज ‘तिरंगा’ के इतिहास एवं विकास पर आधारित प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। राज्य मंत्री, वन, पर्यावरण, जन्तु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, उत्तर प्रदेश डॉ. अरुण कुमार ने जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ फीता काटकर प्रदर्शनी का शुभारंभ किया और इसका अवलोकन किया।
इस अवसर पर सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन, कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रशासक, भाजपा जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय तथा पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
प्रदर्शनी में स्वतंत्रता आंदोलन के दौर से लेकर स्वतंत्र भारत के राष्ट्रीय ध्वज के वर्तमान स्वरूप तक तिरंगे की गौरवशाली ऐतिहासिक यात्रा को क्रमबद्ध तरीके से प्रदर्शित किया गया। राष्ट्रीय ध्वज के प्रारंभिक स्वरूप, स्वतंत्रता आंदोलन के विभिन्न चरणों में सामने आए ध्वजों, होम रूल आंदोलन में प्रयुक्त ध्वज तथा विदेश में भारतीय ध्वज फहराए जाने जैसी महत्वपूर्ण ऐतिहासिक घटनाओं को चित्रों एवं विवरणों के माध्यम से दर्शाया गया।
इसके अलावा राष्ट्रीय ध्वज के विभिन्न प्रारूपों और तिरंगे को व्यापक स्वीकृति मिलने की ऐतिहासिक यात्रा के साथ स्वतंत्र भारत के वर्तमान राष्ट्रीय ध्वज को स्वीकार किए जाने की महत्वपूर्ण घटना को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी में तिरंगे के केसरिया, सफेद और हरे रंग तथा मध्य में अंकित अशोक चक्र के महत्व को भी विस्तार से समझाया गया है।
राज्य मंत्री डॉ. अरुण कुमार ने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की स्वतंत्रता, संघर्ष, बलिदान, एकता और गौरव का प्रतीक है। इसके स्वरूप में समय के साथ हुए बदलावों की यात्रा देश के स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्र निर्माण की गौरवगाथा को भी सामने लाती है।
उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रदर्शनियां नई पीढ़ी को राष्ट्रीय ध्वज के इतिहास, उसके महत्व और उससे जुड़े गौरवशाली अध्यायों से परिचित कराने का प्रभावी माध्यम हैं। इससे युवाओं एवं विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम तथा राष्ट्रीय प्रतीकों के प्रति सम्मान की भावना और अधिक मजबूत होगी।
Orai, Jalaun | Aug 13, 2026