‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत जन अभियान परिषद ने किया पौधरोपण
पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का दिलाया गया संकल्प
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड झाबुआ द्वारा रौनक एक्सीलेंसी इंग्लिश मीडियम स्कूल, करड़ावद छोटी में प्रस्फुटन समिति के सहयोग से “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रस्फुटन एवं नवांकुर समितियों के सदस्यों, विद्यार्थियों, विद्यालय स्टाफ एवं ग्रामीणजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पौधरोपण किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला समन्वयक श्री प्रेमसिंह चौहान ने कहा कि शासन द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से “एक पेड़ मां के नाम” अभियान संचालित किया जा रहा है। पर्यावरण को सुरक्षित एवं हरा-भरा बनाए रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को प्रतिवर्ष कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। पौधा लगाने के साथ उसकी नियमित देखभाल एवं सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाना भी आवश्यक है।
श्री चौहान ने बताया कि अभियान के तहत किए गए पौधरोपण की गतिविधियों को माय भारत ऐप के माध्यम से अपलोड किया जा सकता है। पौधों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि “पौधे हैं तो मनुष्य का जीवन है।” वृक्ष हमें ऑक्सीजन, फल एवं लकड़ी प्रदान करने के साथ ही मिट्टी के कटाव को रोकने और जल संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने आमजन से अपने पूर्वजों की जन्म-जयंती एवं पुण्यतिथि के साथ जन्मदिन, वैवाहिक वर्षगांठ एवं अन्य विशेष अवसरों पर पौधरोपण करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पौधरोपण के बाद पौधों को संरक्षित करने का संकल्प भी लिया जाए, जिससे आने वाली पीढ़ियों को हरित, स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
विकासखंड समन्वयक श्री तोलिया डामोर ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया तथा उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान मेंटर एवं संस्था प्रमुख श्री प्रकाश मेडा ने उपस्थित सदस्यों, विद्यार्थियों एवं ग्रामीणजनों को रोपे गए पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प दिलाया।
इस अवसर पर बड़ी करड़ावद के सरपंच श्री हेमचंद डामोर, प्रस्फुटन समिति के सदस्य, सीएमसीएलडीपी छात्रा संगीता भाबोर एवं पिंकू मेंडा, विद्यालय स्टाफ सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद #Jhabua #JansamparkMP
2 views | Jhabua, Madhya Pradesh | Sep 2, 2026