जिले में साक्षरता पखवाड़े का आगाज
अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के उपलक्ष्य में ग्राम स्तर तक आयोजित होंगी विविध गतिविधियां
असाक्षर व्यक्तियों का चिन्हांकन, पंजीयन एवं बुनियादी साक्षरता से जोड़ने पर रहेगा विशेष जोर
राज्य शिक्षा केन्द्र भोपाल के निर्देशानुसार जिले में 08 सितम्बर को अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के उपलक्ष्य में साक्षरता पखवाड़े का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट के नेतृत्व एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जितेन्द्र सिंह चौहान के मार्गदर्शन में जिला स्तर से लेकर संकुल एवं ग्राम स्तर तक विभिन्न जागरूकता एवं साक्षरता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
साक्षरता पखवाड़े के दौरान वर्ष 2011 की जनगणना के आधार पर असाक्षर व्यक्तियों का घर-घर जाकर शत-प्रतिशत चिन्हांकन, ऑनलाइन पंजीयन एवं अंकसूची वितरण किया जाएगा। साथ ही स्वयंसेवी अक्षर साथियों को प्रेरित कर उनका पंजीयन, साक्षरता कक्षाओं का नियमित संचालन तथा सामाजिक चेतना केन्द्रों का निरीक्षण किया जाएगा। शासकीय एवं अशासकीय विभागों और शैक्षणिक संस्थाओं के साथ कार्यशालाएं एवं बैठकें भी आयोजित की जाएंगी।
रैली, प्रभात फेरी और नुक्कड़ नाटकों से दिया जाएगा साक्षरता का संदेश
पखवाड़े को जनअभियान का स्वरूप देने के लिए छात्र-छात्राओं के सहयोग से साक्षरता रैली, साइकिल रैली, प्रभात फेरी और नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त साक्षरता संबंधी नारा लेखन, चौपाल, जागरूकता शिविर तथा विभिन्न प्रचार-प्रसार माध्यमों से शिक्षा एवं साक्षरता के महत्व का व्यापक प्रचार किया जाएगा।
अभियान में शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों और महाविद्यालयों के विद्यार्थी एवं शिक्षक, शासकीय शिक्षा महाविद्यालय एवं डाइट के प्रशिक्षणार्थी, समुदाय के सदस्य, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि, प्राचार्य एवं प्रधानाध्यापक, एनसीसी एवं एनएसएस के स्वयंसेवक, शिक्षित दीदियां, सामाजिक संस्थाएं, स्व-सहायता समूहों के शिक्षित कार्यकर्ता, शासकीय एवं सेवानिवृत्त शासकीय सेवक तथा नगरीय निकायों के कर्मचारियों सहित विभिन्न विभागों का सहयोग लिया जाएगा। राज्य शिक्षा केन्द्र के संचालक श्री हरजिंदर सिंह एवं नियंत्रक श्री राकेश दुबे द्वारा निर्धारित गतिविधि कैलेंडर के अनुसार पूरे जिले में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
असाक्षर व्यक्तियों को बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान से जोड़ना मुख्य उद्देश्य
साक्षरता कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य असाक्षर व्यक्तियों को बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान प्रदान करना है। इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए शैक्षणिक सत्र 2026-27 में शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों की कक्षा 9वीं एवं 10वीं के सामाजिक विज्ञान तथा कक्षा 11वीं एवं 12वीं के राजनीति विज्ञान विषय के विद्यार्थियों के साथ महाविद्यालयीन छात्र-छात्राओं के प्रोजेक्ट वर्क में ‘उल्लास-नवभारत साक्षरता कार्यक्रम’ को समाहित किया गया है।
विद्यार्थियों को अक्षर साथी के रूप में एनआईएलपी एप पर पंजीकृत कर असाक्षर व्यक्तियों को साक्षर बनाने के अभियान से जोड़ा जाएगा। पखवाड़े के दौरान बैठकों एवं चौपालों के माध्यम से नवसाक्षरों को विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी जाएगी तथा पूर्व में आयोजित परीक्षाओं में सम्मिलित नवसाक्षरों को पात्रतानुसार योजनाओं का लाभ दिलाने पर भी प्राथमिकता से कार्य किया जाएगा।
इसके साथ ही प्रत्येक विकासखंड से 20-20 नवसाक्षरों को कक्षा 5वीं की परीक्षा में सम्मिलित कराने का लक्ष्य रखा गया है। इनमें एनआरएलएम के स्व-सहायता समूहों की दीदियां, मध्यान्ह भोजन समूह की दीदियां, महिला एवं बाल विकास विभाग की सहायिकाएं तथा अन्य विभागों में कार्यरत नवसाक्षरों को प्राथमिकता से शामिल किया जाएगा।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner Department of School Education, Madhya Pradesh #Jhabua #JansamparkMP
4 views | Jhabua, Madhya Pradesh | Sep 2, 2026