युवा संगम में 63 अभ्यर्थियों का प्रारंभिक चयन
रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेले में 107 युवाओं ने कराया पंजीयन
मध्यप्रदेश शासन के तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के निर्देशानुसार जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, झाबुआ में 02 सितम्बर 2026 को संयुक्त रूप से “युवा संगम” कार्यक्रम के अंतर्गत रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन किया गया।
युवा संगम में जिले के युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। मेले में रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप के अवसर प्राप्त करने के लिए कुल 107 अभ्यर्थियों ने पंजीयन कराया, जिनमें से विभिन्न निजी क्षेत्र की कंपनियों के प्रतिनिधियों द्वारा साक्षात्कार एवं आवश्यक प्रक्रिया के उपरांत 63 अभ्यर्थियों का प्रारंभिक चयन किया गया।
मेले में चेकमेट सिक्योरिटी सर्विसेज, बड़ौदा (गुजरात), टाटा मोटर्स, अहमदाबाद (गुजरात), भारतीय जीवन बीमा निगम, झाबुआ तथा एडीएस फाउंडेशन, दाहोद (गुजरात) के भर्ती अधिकारियों ने भाग लेकर अभ्यर्थियों से संवाद किया और रोजगार के उपलब्ध अवसरों के संबंध में जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित युवाओं को शासन द्वारा संचालित विभिन्न हितग्राहीमूलक एवं स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की गई, ताकि युवा रोजगार प्राप्त करने के साथ-साथ स्वरोजगार स्थापित कर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में भी आगे बढ़ सकें।
इस अवसर पर आईटीआई, शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, पशुपालन विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner Department of Skill Development, Madhya Pradesh #Jhabua #JansamparkMP