*जिले में स्कूल एवं कोचिंग में बनने वाले खाद्य सामग्री की गुणवत्ता के खाद्य विभाग द्वारा चलाया जा रहा है विशेष अभियान*
डीडवाना-कुचामन, 8 अक्टूबर।
राजस्थान सरकार द्वारा चलाए जा रहे “सही खान-पान, स्वस्थ राजस्थान” अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों को स्वस्थ खान-पान, स्वच्छता एवं संतुलित आहार के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
अविचल चतुर्वेदी, आयुक्त खाद्य सुरक्षा विभाग, राजस्थान एवं डॉ. नरेन्द्र चौधरी अभिहित अधिकारी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देशानुसार जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा विभिन्न सरकारी एवं निजी विद्यालय, कोचिंग शिक्षण संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं।
इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी बाबूलाल एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी मधु यादव ने गुरुवार को कुचामन के दो निजी विद्यालय एवं एक निजी कोचिंग में विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली एवं सुरक्षित भोजन के महत्व की जानकारी दी। इस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने विद्यार्थियों को फास्ट फूड, जंक फूड एवं अत्यधिक तले-भुने खाद्य पदार्थों के अधिक सेवन से होने वाले नुकसान के बारे में बताया। साथ ही विद्यार्थियों को अपने दैनिक आहार में हरी सब्जियां, मौसमी फल, दालें, अनाज एवं अन्य पौष्टिक खाद्य पदार्थों को शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को कम तेल, कम नमक और कम चीनी के सिद्धांत को अपनाने, पैकेज्ड खाद्य पदार्थ खरीदते समय लेबल, निर्माण एवं समाप्ति तिथि आदि की जानकारी देखने तथा स्वच्छ एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थों का सेवन करने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही विद्यार्थियों को भोजन करने से पहले एवं शौचालय के उपयोग के बाद साबुन से अच्छी तरह हाथ धोने, व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने तथा स्वच्छ वातावरण में भोजन करने के महत्व के बारे में भी बताया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को स्वस्थ खान-पान अपनाने, स्वच्छता का पालन करने तथा सुरक्षित एवं पौष्टिक भोजन के प्रति सजग रहने की जानकारी दी गई है।
इस दौरान निजी विद्यालय एवं कोचिंग के आस पास की दुकानों का भी निरीक्षण कर फूड रजिस्ट्रेशन/लाइसेंस के बारे में जानकारी ली एवं 3 खाद्य सामग्री जैसे बिस्कीट एवं चिप्स के नमूने लिए गए हैं।