दिमनी में दबंगई का आरोप! रास्ता रोककर युवक के सिर पर कट्टा अड़ाया, जान से मारने की धमकी
मुरैना। जिले के दिमनी थाना क्षेत्र के कचनौदा गांव में सुबह करीब 9 बजे दबंगई का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार कौशलेंद्र और मिथुन मोटरसाइकिल से कपड़े की दुकान पर जाने के लिए अंबाह की ओर जा रहे थे।
इसी दौरान रास्ते में भूरा नामक व्यक्ति ने कथित तौर पर दोनों युवकों का रास्ता रोक लिया। आरोप है कि पहले उनके साथ मारपीट करने की कोशिश की गई और फिर कट्टा निकालकर कौशलेंद्र के सिर पर अड़ा दिया।
पीड़ितों के मुताबिक, आरोपी ने धमकी देते हुए कहा कि यहां से रास्ता निकालना बंद करो। इसके साथ ही दोनों युवकों को जान से मारने की धमकी भी दी गई।
सुबह-सुबह हुई इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। घटना ने एक बार फिर रास्ते के विवाद और खुलेआम हथियारों के प्रदर्शन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अब सवाल यह है कि क्या रास्ते के विवाद में किसी को हथियार के दम पर आने-जाने से रोका जा सकता है? मामले में पुलिस की कार्रवाई और जांच को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।